महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार सुबह 3.7 तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटकों से किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने एक आधिकारिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि भूकंप सुबह 4.35 बजे दहानू तालुका में दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि तालुका के बोरडी, दपचारी और तलासरी इलाकों में लोगों ने सुबह-सुबह भूकंप के झटके महसूस किए। जिले में पहले भी कभी-कभार भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं।
ठाणे में पालतू जानवरों की देखभाल करने वाले केंद्र के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक पालतू जानवरों की देखभाल करने वाली सुविधा के प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय निवासी के दो कुत्तों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
दो कुत्तों - एक गोल्डन रिट्रीवर और एक टॉय पूडल के मालिक ने उन्हें 26 दिसंबर, 2024 को पालतू जानवरों की देखभाल करने वाली सुविधा को सौंप दिया था, क्योंकि उन्हें और उनकी पत्नी को विदेश यात्रा करनी थी। मालिक ने आरोप लगाया कि पालतू जानवरों की देखभाल करने वाले केंद्र में कुत्तों के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें पीटा गया, जिससे टॉय पूडल की एक आंख की रोशनी हमेशा के लिए चली गई और इससे रिट्रीवर को भावनात्मक आघात पहुंचा।
अधिकारी ने बताया कि उनकी शिकायत और पीपुल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पेटा) के एक प्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद, वर्तक नगर पुलिस ने रविवार को पालतू पशु सुविधा के प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में ठाणे के एक 26 वर्षीय युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। ठाणे के श्री नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान हितेश ढेंडे के रूप में हुई है, जो कि ठाणे के श्री नगर के वर्लीपाड़ा का निवासी है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर डिप्टी सीएम को धमकी दी। आरोपी ने डिप्टी सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और डिप्टी सीएम को जान से मारने की भी धमकी दी। शिवसेना के एक कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 133, 352, 351 और 356 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
मुंबई में 12 अक्तूबर को एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई का नाम मास्टरमाइंड के रूप में सामने आया है। मुंबई पुलिस ने एक विशेष अदालत में सोमवार को चार्जशीट दाखिल की है। इसमें कहा गया कि गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने अपनी संगठित अपराध सिंडिकेट के जरिए डर का माहौल बनाने के लिए हत्या का आदेश दिया था।
पुलिस ने 4,590 पन्नों वाली चार्जशीट सोमवार को एक विशेष अदालत में दाखिल की। इसमें 26 गिरफ्तार आरोपियों और तीन फरार आरोपियों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं, जिनमें जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई भी शामिल है। अनमोल बिश्नोई ने सिद्दीकी की हत्या की साजिश रची थी, ताकि वह अपने अपराध सिंडिकेट पर डर और दबदबा बना सके। उसके अलावा अन्य फरार आरोपियों में मोहम्मद यासिन अख्तर और शुभम लोंकार शामिल हैं।
अब तक पुलिस ने 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ कड़ी महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम (MCOC) एक्ट के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्तूबर, 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।