प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे ने ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच जारी युद्ध को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया है कि वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारत तटस्थ रहते हुए वैश्विक शांति के लिए पहल करे। अन्ना हजारे ने पत्र में लिखा कि अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध के कारण विश्व अत्यंत चिंताजनक परिस्थितियों से गुजर रहा है। दुनिया की निगाहें इस पर है कि कब युद्ध विराम होगा। उन्होंने हाल की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए लिखा है कि इस युद्ध में निरपराध महिलाएं, बच्चे और परिवारों पर पड़ने वाले प्रभाव की खबरें दुखद और पीड़ादायक हैं। भारत की संस्कृति अहिंसा और शांति की रही है। ऐसे में भारत की ओर से मानवता और शांति का संदेश जाना अत्यंत आवश्यक है।
विज्ञापन
ठाणे अस्पताल मालिक से 10 लाख की धोखाधड़ी, दो के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक निजी अस्पताल के मालिक को कथित तौर पर 10 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाने के आरोप में पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटनाक्रम साझेदारी और निवेश के नाम पर हुए एक बड़े धोखे की ओर इशारा कर रहा है। पीड़ित अस्पताल मालिक की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने 2016 में डोंबिवली स्थित अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं के लिए 10 साल की साझेदारी का प्रस्ताव रखा था। इस साझेदारी के तहत, उन्होंने 63.20 लाख रुपये का निवेश किया। इसके बाद, 2017 से 2021 के बीच, उन्होंने इस निवेश पर लगभग 1.28 करोड़ रुपये का लाभ और रिटर्न प्राप्त किया।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश जाडवाड ने बताया कि शिकायत के आधार पर, शुक्रवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 316(2) (आपराधिक विश्वासघात), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 356(2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वर्तमान में मामले की जांच चल रही है और पुलिस इस पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंत्री पंकजा मुंडे सहित कई अधिकारियों को भेजा नोटिस
जालना जिला योजना समिति के गठन को लेकर उठे विवाद के बीच बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार की मंत्री पंकजा मुंडे समेत कई सरकारी अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस उस याचिका पर जारी किया गया जिसमें समिति के गठन की वैधता को चुनौती दी गई है। अदालत ने सभी जवाबदाताओं को 27 मार्च तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है और मामले की अगली सुनवाई 1 अप्रैल को निर्धारित की गई है।
औरंगाबाद पीठ में जस्टिस विभा कंकणवाड़ी और जस्टिस हितेन वेणगावकर की खंडपीठ ने स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता भाऊसाहेब गोरे द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए 4 मार्च को राज्य सरकार और अन्य पक्षों को नोटिस जारी किया। याचिकाकर्ता का आरोप है कि जालना जिला योजना समिति का गठन कानून के प्रावधानों का पालन किए बिना किया गया है। इसके कारण विकास कार्यों के लिए आवंटित धनराशि का सही तरीके से उपयोग नहीं हो पा रहा और फंड के वितरण में भी अनियमितता की आशंका जताई गई है।
कैब ड्राइवर की हत्या में संदिग्ध भूमिका के लिए व्यक्ति गिरफ्तार
ठाणे पुलिस ने रविवार को बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक व्यक्ति को राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म के ड्राइवर-पार्टनर की हत्या में संदिग्ध भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित नासिर अहमद के परिवार ने इस सप्ताह की शुरुआत में उनके लापता होने की सूचना दी थी। नासिर की कार ठाणे जिले के कल्याण-मुरबाद रोड पर गोविली वन क्षेत्र में लावारिस हालत में मिलने के बाद इस मामले में सफलता मिली। पुलिस ने बताया कि वाहन के अंदर खून के कई धब्बे थे।
नासिर का शव शनिवार को पुणे जिले के मालशेज घाट से बरामद किया गया। सूचना के आधार पर, पुलिस ने अपराध में संदिग्ध भूमिका के लिए ठाणे के टिटवाला निवासी को गिरफ्तार किया। पुलिस उपाधीक्षक अनिल लाड ने कहा, 'मुख्य संदिग्ध को पकड़ लिया गया है, लेकिन हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इसमें और भी लोग शामिल थे। इस हत्या के सटीक कारण का पता लगाया जा रहा है।' अधिकारी ने बताया कि कार से फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और वे पीड़ित की हत्या के कारणों के बारे में अधिक जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
सिंहगढ़ किले में मधुमक्खियों के हमले में आठ घायल
पुणे के वन अधिकारियों ने बताया कि पुणे जिले के सिंहगढ़ किले में मधुमक्खियों के झुंड ने रविवार को पर्यटकों को डंक मार दिया, जिससे एक शिशु समेत आठ लोग घायल हो गए। इस घटना से लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, स्वयंसेवी बचाव दल ने दावा किया कि ऐतिहासिक स्थल पर मराठा योद्धा तानाजी मालुसारे की समाधि के पास हुई इस घटना में दो दर्जन से अधिक पर्यटक मधुमक्खियों के हमले से प्रभावित हुए।
घायलों को पहले खानपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वन अधिकारियों ने बताया कि बाद में कुछ घायलों को डंक की गंभीरता के आधार पर पास के बहु-विशेषज्ञ अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि हमले में सात से आठ लोग घायल हुए। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों में सतारा निवासी नंदकुमार घरगे (67) और डेढ़ वर्षीय शिशु युवाश सोनार शामिल हैं। यह घटना दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे के बीच घटी, जब एक पर्यटक ने कथित तौर पर समाधि क्षेत्र के पास स्थित मधुमक्खी के छत्ते पर पत्थर फेंका। समाधि क्षेत्र किले के सबसे अधिक देखे जाने वाले स्थानों में से एक है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पत्थर फेंकने वाला व्यक्ति भीड़भाड़ वाले इलाके की ओर भागा, जिसके परिणामस्वरूप मधुमक्खियां उसका पीछा करने लगीं और कई अन्य पर्यटकों को डंक मार दिया।
हाजी अली दरगाह पर दुनिया का सबसे ऊंचा तिरंगा लगाने की योजना- ट्रस्टी
महाराष्ट्र में मुंबई के तट पर मशहूर हाजी अली दरगाह पर दुनिया का सबसे ऊंचा तिरंगा लगाने के लिए प्रदेश सरकार को एक प्रस्ताव दिया गया है। दरगाह के ट्रस्टी सुहैल खंडवानी ने रविवार को यह जानकारी दी। खंडवानी ने कहा कि वर्ली तट से करीब 500 मीटर दूर एक छोटे से टापू पर बनी दरगाह देश की सबसे खास रूहानी जगहों में से एक है। यहां हर साल लाखों लोग आते हैं। यह दरगाह 15वीं सदी के सूफी संत पीर हाजी अली शाह बुखारी की आखिरी आरामगाह है। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में इसकी बहुत अहम जगह है और यह आज भी विश्वास, सबको साथ लेकर चलने और सांप्रदायिक सद्भाव की एक मिसाल है। इस छोटे से टापू पर अब दुनिया का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय झंडा होगा। हमने अनुमति के लिए महाराष्ट्र सरकार को एक प्रस्ताव भेजा है। इस झंडे को देशभक्ति, एकता और देश की साझी पहचान का एक अहम निशान माना जा रहा है।