महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जंगल इलाके से हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। बरामद हथियारों में AK-47 राइफल, दो SLR राइफल समेत कई घातक हथियार शामिल हैं। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि यह कार्रवाई उन नक्सलियों की जानकारी के आधार पर की गई है, जिन्होंने पिछले साल 28 नवंबर और 13 दिसंबर को आत्मसमर्पण किया था। आत्मसमर्पण करने वालों में कुख्यात नक्सली अनंत उर्फ विकास नवज्योत नागपुरे भी शामिल था। अधिकारी के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने मुरुकुटदोह बेस कैंप के तहत आने वाले ताकेजरी–बेवारटोला बांध क्षेत्र के घने जंगलों में तलाशी अभियान चलाया।