मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शनिवार को शहर में 426 घरों के लिए ऑनलाइन लॉटरी ड्रॉ आयोजित किया। ये घर विकास नियंत्रण और प्रोत्साहन नियम (डीसीपीआर) 2034 के तहत मिले हैं। यह लॉटरी बीएमसी मुख्यालय, दक्षिण मुंबई में आयोजित की गई। बीएमसी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस लॉटरी में कुल 373 आवेदकों को सफल घोषित किया गया है। वहीं, 362 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। सफल आवेदकों को पहले ई-मेल के जरिए सूचना दी जाएगी। इसके बाद उन्हें पत्र भेजकर जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा।
नगर निगम ने यह भी बताया कि डीसीपीआर 2034 के तहत ही मुंबई के अलग-अलग इलाकों में स्थित 296 अतिरिक्त आवासीय इकाइयों के लिए भी जल्द ही लॉटरी निकाली जाएगी। इससे आम लोगों को किफायती दरों पर घर मिलने की उम्मीद बढ़ी है। बीएमसी का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य मुंबई में आवास की कमी को कम करना और जरूरतमंद नागरिकों को पक्का घर उपलब्ध कराना है। इससे खासतौर पर मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा।
पालघर: 1991 के वनवासी कल्याण आश्रम हमले का एकमात्र जीवित आरोपी बरी
महाराष्ट्र के पालघर जिले में 1991 के वनवासी कल्याण आश्रम हमले और डकैती मामले के एकमात्र जीवित आरोपी को एक स्थानीय अदालत ने बरी कर दिया। उस समय लगभग 150 लोगों के एक समूह ने पत्थर और डंडों से हमला किया था, जिसमें आश्रम के प्रबंधक महादेव जयराम जोशी गंभीर रूप से घायल हुए थे और एक ऑटो रिक्शा समेत संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचा था।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एवी चौधरी इनामदार ने 26 नवंबर के आदेश में सतवा लाडक्या भगत को भारतीय दंड संहिता की अलग-अलग धाराओं में लगाए गए आरोपों से बरी कर दिया। इन आरोपों में दंगा, डकैती और चोरी, गंभीर चोट पहुंचाना, आग से नुकसान और अन्य अपराध शामिल थे।
पालघर में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक पति को अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी बालवंत गैरे (32 वर्षीय) और उनकी पत्नी लता बालवंत गैरे मोखाडा तालुका के गोमघर गांव में रहते थे। वे घरेलू कारणों से अक्सर आपस में झगड़ते रहते थे। शनिवार की सुबह झगड़े के बाद आरोपी ने कथित रूप से अपनी पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला। मोखाडा थाने के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया। लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
हेडगेवार के स्मृति स्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा और शिवसेना के अन्य विधायक रविवार को आरएसएस के संस्थापक के केशव बलिराम हेडगेवार की स्मृति स्थल पर पहुंचे। हालांकि, राज्य की महायुति सरकार में शामिल एनसीपी के उप मुख्यमंत्री अजित पवार समेत अन्य विधायकों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया। मुख्यमंत्री फडणवीस और उप मुख्यमंत्री शिंदे ने हेडगेवार और दूसरे संघचालक एमएस गोलवलकर को रेशिमबाग में स्मृति स्थल में श्रद्धांजलि दी।