महाराष्ट्र के पुणे जिले के दिवे घाट पहाड़ी खंड क्षेत्र में सोमवार रात टैंकर ने दो बाइक में टक्कर मार दी। घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, कच्ची शराब का परिवहन करने वाला एक टैंकर पुणे शहर के हडपसर औद्योगिक क्षेत्र की ओर जा रहा था, तभी रात करीब साढ़े आठ बजे पुणे-सासवड रोड पर दिवे घाट सेक्शन में उसका ब्रेक फेल हो गया। उसी दौरान टैंकर ने दो बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक करीब 50 से 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी। घटना के बाद ड्राइवर का भी टैंकर से नियत्रंण हट गया। जिसके बाद टैंकर भी डिसबैलेंस होकर खाई में जा गिरा। वहीं, घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने बताया कि टैंकर चालक और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आईं है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि ब्रेक फेल होना प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण है।