मुंबई-नासिक हाईवे पर भीषण हादसा, पांच की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुंबई-नासिक हाईवे पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में अब तक पांच लोगों की जान जा चुकी है, जबकि छह घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शाहपुर के आटगांव के पास मुंबई के जोगेश्वरी निवासी परिवार की MUV जले और लावारिस खड़े ट्रक से टकरा गई थी। परिवार त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन कर लौट रहा था। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने और स्टीयरिंग लॉक होने की बात सामने आई है। मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले थे।
महाराष्ट्र की वित्तीय सेहत सुधारने के लिए केलकर समिति गठित
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए महाराष्ट्र सस्टेनेबल पब्लिक फाइनेंस कमेटी गठित की है। इसकी अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय वित्त सचिव और अर्थशास्त्री डॉ. विजय केलकर करेंगे। समिति का काम टैक्स और गैर-टैक्स राजस्व बढ़ाने, राजस्व की चोरी रोकने और टैक्स, फीस व छूट को तर्कसंगत बनाने के सुझाव देना है। इसके अलावा सरकारी संपत्तियों से आय बढ़ाने, खर्चों को नियंत्रित करने और कर्ज पर निर्भरता घटाने के उपाय सुझाए जाएंगे। यह पहल ‘विकसित महाराष्ट्र @ 2047’ विजन का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य 2030 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाना है।