दूसरी तरफ महाराष्ट्र में चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही निर्वाचन अधिकारियों ने अपनी कार्रवाई भी तेज कर दी है। इसी के तहत नागपुर में 14.5 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सोने की यह खेप गुरुवार को विमान के जरिए नागपुर पहुंची थी। इसे अमरावती ले जाया जा रहा था, लेकिन शनिवार को ही अधिकारियों ने इसे अंबाजारी से वादी जाते हुए रोक लिया।
जब्त किया गया सोना जेवरात और बिस्किट के रूप में है। इसे गुजरात की एक फर्म सीक्वल लॉजिस्टिक की तरफ से भेजा गया था। फिलहाल सोने को अंबाजारी पुलिस स्टेशन में रखा गया है। जांच में सामने आया कि सीक्वल लॉजिस्टिक्स ने आचार संहिता के दौरान इतनी बड़ी मात्रा में सोना ले जाने के लिए चुनाव आयोग की मंजूरी नहीं ली थी।
अंतरराज्यीय चेन-स्नेचिंग गिरोह पर मकोका के तहत मामला दर्ज
नवी मुंबई पुलिस ने डकैतों और चेन स्नैचरों के एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के कड़े प्रावधानों को लागू किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि 23 से 26 अक्तूबर के बीच नवी मुंबई के कई इलाकों में चेन-स्नेचिंग की कई घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने कुछ टीमें बनाईं और तकनीकी जानकारी का उपयोग करके मामलों की जांच की। अधिकारी ने बताया कि उन्होंने 40 से 45 हाउसिंग सोसाइटियों के साथ-साथ गेस्ट हाउसों में भी तलाशी ली। पुलिस ने इसके बाद उत्तर प्रदेश, दिल्ली और नवी मुंबई के रहने वाले 19 से 27 वर्ष की आयु के चार लोगों को पकड़ा और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309 (डकैती) के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
प्लास्टिक के जार में फंसा कुत्ते का सिर, बचाया गया
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक आवारा कुत्ते की जान बचा ली गई है। उसका सिर करीब एक सप्ताह से प्लास्टिक के जार में फंसा हुआ था। यह जानकारी रविवार को एक पशु कल्याण निकाय के प्रतिनिधि ने दी। डोंबिवली शहर के पास एक आवासीय सोसायटी में पानी की तलाश करते समय कुत्ते का सिर जार में फंस गया था। स्थानीय निवासी काईद कछवाला ने कुत्ते की दुर्दशा देखी और सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से प्लांट एंड एनिमल्स वेलफेयर सोसाइटी (पीएडब्ल्यूएस) से संपर्क किया।