महाराष्ट्र के नांदेड़ में स्थित रेणुका देवी मंदिर में भक्तों के लिए केंद्र सरकार सौगात लेकर आई है। गुरुवार को एक अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री स्काईवॉक सुविधा की आधारशिला रखेंगे।
अधिकारी ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शनिवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले आएंगे। यहां मंत्री रेणुका देवी मंदिर में भक्तों की सुविधा के लिए स्काईवॉक की आधारशिला रखेंगे, जिसके लिए 51.03 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि मंदिर करीब 280 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी पर स्थित है। मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों को कई सारी सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। इस वजह से भक्तों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अधिकारी ने स्काई वॉक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि स्काईवॉक की लंबाई 70 मीटर और चौड़ाई 15 मीटर होगी। स्काईवॉक एक बार में 80 लोगों को लिफ्ट करने में सक्ष्म होगी। यहां कुल 32 दुकानें बनाई जाएंगी। परियोजना पर 51.03 करोड़ रुपए खर्च होंगे और इसे 18 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।