महाराष्ट्र के ठाणे में वर्तक नगर पुलिस ने राकांपा विधायक जितेंद्र आव्हाड को गिरफ्तार किया है। ठाणे पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले मराठी फिल्म 'हर हर महादेव' के स्थानीय थिएटर में प्रदर्शन के विरोध में यह कार्रवाई की है। हालांकि, गिरफ्तारी के एक दिन बाद ही उन्हें जमानत भी मिल गई है।
जितेंद्र पर फिल्म देखने आए एक शख्स के साथ मारपीट करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, फिल्म में कुछ तथ्यों को गलत तरीके से दिखाने के आरोप लग रहे हैं। एनसीपी लगातार इस फिल्म का विरोध कर रही है। इसी मामले में एनसीपी विधायक पर आरोप है कि उन्होंने शो देखने आए एक शख्स के साथ मारपीट की और शो को रोकने का प्रयास भी किया।
मामले में विधायक ने एक फेसबुक पोस्ट किया। उस पोस्ट में दावा किया गया कि उन्हें गिरफ्तार करने का आदेश ऊपर से आया था। पुलिस का इस्तेमाल कर उन्हें फंसाने की कोशिश की गई। दोपहर में मुझे वर्तक नगर पुलिस स्टेशन के सीनियर पीआई ने फोन किया। मैंने कहा था कि मैं खुद पुलिस स्टेशन आता हूं। उसके बाद मुझे मुंबई जाना है। इसके बाद मुझे गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि आज राकांपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड को पुलिस ने जांच के लिए बुलाया। दबी हुई आवाज में हमने सुना कि ऊपर से दबाव है, हमें नहीं पता कि किसने फोन किया? किसी पर आरोप नहीं लगाया। महाराष्ट्र पुलिस सबसे अच्छी पुलिस है और हमें उन पर गर्व है।
इस बीच ठाणे की एक कोर्ट ने शनिवार को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आव्हाड और 11 अन्य को मराठी फिल्म 'हर हर महादेव' के एक शो को बाधित करने के एक मामले में जमानत दे दी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और उनके 11 समर्थकों को सात नवंबर को ठाणे शहर के एक मॉल के अंदर एक मल्टीप्लेक्स में हुई घटना के लिए शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें मजिस्ट्रियल कस्टडी में भेज दिया है। बाद में उन्होंने जमानत के लिए आवेदन किया, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। आरोपी के वकील अधिवक्ता प्रशांत कदम ने कहा कि उन्हें 15,000 रुपये की जमानत पर रिहा किया गया था, लेकिन विस्तृत आदेश की प्रतीक्षा की जा रही है।
पालघर में राकांपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प
इस बीच पालघर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना दहानु तालुक में गुरुवार को ऐसे वक्त में हुई, जब जिले में ग्राम पंचायत प्रमुख और उप प्रमुख का चुनाव होने वाला है। झड़प के बाद दोनों तरफ से शिकायत दी गई, जिसके बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।