नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को ड्रग्स मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एजेंसी की एक टीम ने मुंबई के रायगढ़ से आरिफ भुजवाला को गिरफ्तार किया है। आरिफ एक बड़ा ड्रग डीलर है। उसे 'Pablo of drug word' के नाम से भी जाना जाता है।
मुंबई एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े ने कहा कि आरिफ भुजवाला के कुछ विदेशी संपर्क हैं। इस मामले में विस्तृत जांच की जाएगी। वह नशीले पदार्थों के प्रमुख सप्लायरों मे से एक था। उसके कुछ वाहन और संपत्तियों की पहचान की गई है।
एनसीबी की यह गिरफ्तारी इसलिए सफल मानी जा रही है क्योंकि इससे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के ड्रग्स धंधे को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, भुजवाला को दाऊद इब्राहिम के भाई अनीश इब्राहिम का करीबी बताया जाता है। उसने ड्रग्स के धंधे से काफी पैसा कमाया है। उसके पास 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है जिसमें महंगी गाड़ियां, फ्लैट, प्लॉट शामिल हैं।
इससे पहले एनसीबी ने आरिफ को पकड़ने के लिए उसकी लैब पर छापा मारा था। लेकिन आरिफ वहां से फरार हो गया था। हालांकि एनसीबी को वहां से करोड़ों रुपये और भारी मात्रा में ड्रग्स मिला था। गिरफ्तार आरिफ चिंकू पठान का साझेदार है। एनसीबी ने कुछ दिन पहले ही चिंकू को गिरफ्तार किया था।
गैंगस्टर करीम लाला के रिश्तेदार चिंकू पठान को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। चिंकू गैंगस्टर, दाऊद इब्राहिम का भी बहुत करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि आरिफ हाल के दिनों में दो बार दुबई जा चुका है। उसकी दुबई यात्रा एनसीबी के रडार पर है। वह एक ड्रग लैब भी चलाता था।
आरिफ एक फ्लैट में मेफेड्रोन, मेथमफेटामाइन और एफेड्रिन जैसी सिंथेटिक ड्रग बनाता था। उसका यह फ्लैट दक्षिण मुंबई के डोंगरी इलाके की नूर मंजिल इमारत में था। बता दें कि पिछले हफ्ते बुधवार को एक अहम सूचना के आधार पर एनसीबी की एक टीम ने गैंगस्टर और ड्रगलॉर्ड चिंकू पठान को गिरफ्तार किया था।