महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक व्यक्ति ने अपमान का बदला लेने के लिए 65 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी। वेल्तुर पुलिस थाना के सहायक निरीक्षक आनंद कविराज ने बताया कि 22 वर्षीय आरोपी राजेश सोनटाक्के महिला के बेटे द्वारा किए गए अपमान का बदला लेना चाहता था।
यह घटना तीन दिसंबर को उस समय हुई जब लीलाबाई सूर्यभान वासनिक अपने खेत में पराली जमा करने डोंगरमौडा गांव गई थी।
दरअसल दो दिसंबर को सोनटाक्के का मवेशी वासनिक के खेत में घुस आया था जिसके बाद वासनिक के बेटे और आरोपी के बीच बहस हुई और इस दौरान आरोपी को वासनिक के बेटे ने थप्पड़ मार दिया। इसका बदला लेने के लिए ही सोनटाक्के ने महिला की हत्या कर दी।
भारतीय दंड संहिता की संबंधित धारा के तहत आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया गया है।