महाराष्ट्र में एक बार फिर मनसे नेताओं की गुंड़ागर्दी का मामला सामने आया है। दरअसल, नवीं मुंबई के वाशी में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के एक नेता ने एक होटल के मैनेजर के साथ जमकर मारपीट की। बताया जा रहा है कि इस विवाद के पीछे का कारण था कि होटल में मराठी गाना नहीं बजाया जा रहा था। इस मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ है। गौरतलब है कि इससे पहले, एक मनसे नेता ने एक महिला के साथ मारपीट और अभद्रता करने का मामला सामने आया था।
क्या है पूरा मामला
मिली, जानकारी के मुताबिक मारपीट की ये घटना बुधवार यानी कल की है। कल वाशी के एक होटल में एक कंपनी ने अपने स्टाफ के लिए पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी चल ही रही थी कि तभी कंपनी के कर्मियों ने अपने आयोजक से शिकायत कि वहां मराठी गाने नहीं बजाए जा रहे हैं। इस पर आयोजक महिला ने होटल मैनेजर से मराठी गाने बजाने की अपील की। हालांकि, उसके आग्रह पर होटल मैनेजर ने मराठी गाने बजाने से मना कर दिया। इसके कुछ देर बाद ही मनसे कार्यकर्ता वहां पहुंचे और कारण पूछते हुए होटल मैनेजर की पिटाई कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह भी सामने आया है कि वाशी के होटलों में मराठी गाने बजाने पर रोक है।
होटल मालिक ने मांगी माफी
मारपीट की घटना के बाद आज होटल मालिक ने माफी मांगते हुए कहा कि वे भी मराठी हैं और नया मैनेजर होने के कारण डीजे और मैनेजर के बीच गलतफहमी पैदा हो गई थी। उन्होंने बताया कि आयोजक ने जिस समय मराठी गाना बजाने के लिए आग्रह किया उस समय डीजे मराठी गानों की सीडी खोज रहा था। इतने में ही मनसे के नेताओं ने होटल मैनेजर की पिटाई कर दी। होटल मालिक ने यह भी कहा कि बाद में गाना बजाया गया था। होटल मालिक ने इस पूरी घटना पर माफी मांगते हुए कहा अगर हमारे स्टाफ से किसी की भावना आहत हुई हो तो मैं दिल से माफी मांगता हूं। मैं खुद एक महाराष्ट्रियन हूं और मुझे मराठी भाषा पर गर्व है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां मराठी गाने बजते हैं।