महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 सीटों में से 5 पर महायुति ने निर्विरोध जीत दर्ज कर शुरुआती बढ़त बना ली है। रायगढ़ में विपक्षी उम्मीदवार की बगावत ने एमवीए की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब बाकी 12 सीटों पर होने वाला कड़ा मुकाबला राज्य की भविष्य की राजनीति की दिशा तय करेगा।
महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में नामांकन वापसी के आखिरी दिन सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। संख्या बल के खेल और आक्रामक रणनीति के दम पर सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने पांच सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली है। वहीं, मैदान में बचीं 12 सीटों पर अब महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच आर-पार की लड़ाई तय हो गई है। विपक्ष के कई दिग्गजों के पैर पीछे खींचने से एमवीए को बड़ा झटका लगा है।
विज्ञापन
नामांकन वापसी के साथ ही महायुति की पांच सीटों पर एकतरफा जीत
गुरुवार को नामांकन वापस लेने की समयसीमा खत्म होते ही चुनावी तस्वीर साफ हो गई। महायुति ने अपनी कुशल रणनीति से बागियों को शांत किया और पांच सीटों को बिना किसी मुकाबले के अपनी झोली में डाल लिया।
निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों में वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली से अरुण लाखानी (भाजपा), पुणे से विक्रम काकड़े (राकांपा-अजित पवार), ठाणे से रवींद्र फटक (शिवसेना-एकनाथ शिंदे), रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से अनिकेत तटकरे (राकांपा-अजित पवार) और यवतमाल से दुश्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना-शिंदे) शामिल हैं। इन सभी सीटों पर विपक्षी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने पर्चे वापस ले लिए।
रायगढ़ में हाईवोल्टेज ड्रामा
नामांकन वापसी के दौरान रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट पर सबसे बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार बाल माने अचानक महायुति सरकार के मंत्री नितेश राणे के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपना नाम वापस ले लिया। इस बगावत से खफा शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख संजय राउत ने बाल माने को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में तुरंत निष्कासित कर दिया। इस ड्रामे ने अनिकेत तटकरे की जीत का रास्ता पूरी तरह साफ कर दिया। पुणे, ठाणे और यवतमाल में भी कांग्रेस और एमवीए समर्थित उम्मीदवारों के हटने से मुकाबला खत्म हो गया।
अब 12 सीटों पर कांटे की टक्कर, कई जगह त्रिकोणीय मुकाबला
अब बची हुई 12 सीटों पर असली इम्तिहान होना है। अहमदनगर में भाजपा के प्राजक्त तनपुरे और निर्दलीय दत्तात्रेय पानसरे आमने-सामने हैं। नासिक में मौजूदा सदस्य नरेंद्र दराडे को बागी गोकुल गीते कड़ी टक्कर दे रहे हैं। सांगली-सातारा, नागपुर उपचुनाव, सोलापुर, नांदेड़ और धाराशिव-लातूर-बीड में महायुति और एमवीए के बीच सीधी और दिलचस्प जंग है। वहीं, अमरावती, परभणी-हिंगोली और जलगांव में त्रिकोणीय मुकाबला होने से समीकरण उलझ गए हैं। छत्रपति संभाजीनगर-जलना सीट पर भी भाजपा के सुहास सिरसाट और शिवसेना (यूबीटी) के गणेश लोखंडे के बीच कड़ा मुकाबला है।