महाराष्ट्र में अभिनेता सैफ अली खान पर हमले को लेकर सियासी तेज हो गई। राज्य मंत्री नितेश राणे ने उन्हें लेकर कुछ ऐसा कह दिया, जिसके बाद से वे विवादों में फंस गए। एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई में बांग्लादेशी क्या कर रहे हैं। वे सैफ अली खान के घर में घुस गए। पहले वे सड़कों के चौराहे पर खड़े रहते थे, अब वे घरों में घुसने लगे हैं। शायद वे सैफ को ले जाने आए थे। यह अच्छा है, कचरा हटा देना चाहिए। उनके इस बयान पर राकांपा-एसपी सांसद रोहित पवार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा बलों को और ताकत देने की जरूरत है। अधिक से अधिक लोगों को सेना में भर्ती करना चाहिए। महाराष्ट्र में अवैध तरीके से रहने वाले बांग्लादेशियों के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
नितेश राणे के बयान पर रोहित पवार का पलटवार
नितेश राणे के बयान पर पलटवार करते हुए राकांपा-एसपी रोहित पवार ने कहा, "हमें सीमा सुरक्षा बल को और अधिक ताकत देने की जरूरत है। सेना में अधिक से अधिक लोगों की भर्ती कराने की जरूरत है। इसलिए मेरी उनसे अपील है कि वे सिर्फ मीडिया के सामने आकर बोलने की बजाय उन्हें राजनाथ सिंह जी से मिलना चाहिए और उनसे डिफेंस में अधिक से अधिक लोगों की भर्ती करने का अनुरोध करना चाहिए। मुझे लगता है कि इससे बाहर से आने वालों की संख्या में कमी आएगी।"
महाराष्ट्र में अवैध तरीके से रहने वाले बांग्लादेशियों के मामले में उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने बताया कि यह मुद्दा देश के कई हिस्सों खासकर मुंबई, पुणे, कोलकाता और दिल्ली में उठा है। उन्होंने कहा, "हमने ऐसे लोगों को निर्वासित करने के लिए उनकी पहचान करना शुरू कर दिया है। सैफ अली खान के मामले में भी आरोपी बांग्लादेशी है।"
बीड सरपंच हत्या मामले में उन्होंने कहा, "यह एक जघन्य हत्या है। आरोपी को फांसी की सजा होनी चाहिए। सीआईडी, एसआईटी और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। सभी की जांच कराई जाएगी। अगर मेरे खिलाफ शिकायत दी गई तो भी जांच की जाएगी।"
शिवसेना नेता शाइना एनसी भड़की
सैफ पर हमला मामले में शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, "सिर्फ इसलिए कि सैफ अली खान के रीढ़ की हड्डी में चाकू घुस गई, इसके बावजूद वे शेर की तरह अपने आठ साल के बेटे के साथ अस्पताल पहुंचे। उनकी जान बच गई, उनके लिए खुश होने की बजाय मुझे नहीं मालूम कि मीडिया और राजनीतिक वर्ग के कुछ लोग पुलिस बल की ईमानदारी पर सवाल उठाकर क्या कर रहे हैं?"
बता दें कि सैफ अली खान पर 16 जनवरी की सवेरे हमला हुआ। इसके बाद वे लीलावती अस्पताल में भर्ती हुए, जहां उनकी कई घंटे सर्जरी चली। करीब पांच दिन बाद सैफ को अस्पताल से छुट्टी मिली और वे घर लौट चुके हैं। उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।
संबंधित वीडियो