फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra News: नासिक की फैक्टरी में लगी भीषण आग, दो की मौत और 17 घायल; सोलापुर में भी तीन लोगों की जान गई

Sun, 01 Jan 2023 08:21 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

महाराष्ट्र के नासिक में भीषण हादसे की खबर है। यहां एक फैक्टरी में आग लग गई है।
विज्ञापन
फैक्टरी में आग - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के नासिक में भीषण हादसे की खबर है। यहां एक फैक्टरी में आग लग गई। कई कर्मचारी फैक्टरी में फंसे हुए थे। अधिकारियों का कहना है कि इगतपुरी तहसील के मुंडेगांव स्थित एक फैक्टरी में भीषण आग लगी। जिसे बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, विस्फोट इतना जोरदार था कि इसकी आवाज आसपास के गांवों में भी सुनाई दी। आग और धुआं दूर से ही देखा जा सकता था। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ट्वीट किया कि जिंदल पॉली फिल्म्स फैक्ट्री में कुछ श्रमिक अब भी फंसे हुए हैं और दमकल विभाग का तलाशी तथा बचाव अभियान जारी है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अब तक 19 लोगों को बचाया गया है। उनमें से 17 को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन की हालत गंभीर है, जबकि दो की मौत हो गई है।

घटना इगतपुरी तालुका में नासिक-मुंबई राजमार्ग के किनारे मुंढेगांव स्थित इकाई में सुबह करीब 11.30 बजे हुई, जब कुछ कर्मचारी परिसर में थे। मुंढेगांव नासिक से लगभग 30 किलोमीटर और मुंबई से करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित है। अग्निशमन दल, पुलिस और आपदा मोचन बल के जवान मौके पर पहुंचे। मौके पर आग बुझाने के साथ-साथ खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
विज्ञापन


संभागीय राजस्व आयुक्त राधाकृष्ण गामे ने बताया कि विस्फोट के कारण आग लग गई। आमतौर पर कंपनी में 20 से 25 लोग काम करते हैं, लेकिन यह नए साल का पहला दिन था, इसलिए रविवार को संख्या कम थी। आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। इसमें कुछ समय लगेगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. भारती पवार ने कहा कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य के अधिकारियों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। नासिक की रहने वाली मंत्री ने कहा कि एसडीआरएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न अस्पतालों - नासिक जिला सिविल अस्पताल, एसएमबीटी अस्पताल और अन्य चिकित्सा संस्थानों (जरूरत पड़ने पर) में 100 बिस्तर तैयार रखे गए हैं। नासिक के पालक मंत्री दादा भुसे ने कहा कि मुख्यमंत्री शिंदे स्थिति की जानकारी लेने के लिए घटनास्थल का दौरा कर सकते हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने बताया कि जिंदल कंपनी की एक पॉली फिल्म फैक्ट्री के रिएक्टर प्लांट में विस्फोट हो गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 14 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान अभी भी जारी है। उन्होंने बताया कि यहां स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और संबंधित मंत्री मौजूद हैं। महाराष्ट्र के सीएम और डिप्टी सीएम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पॉली फिल्म फैक्ट्री में आग बुझाने के लिए टीमें तैनात हैं। 

आग बॉयलर के कारण नहीं लगी: अधिकारी
फैक्टरी में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग संभवत: बॉयलर के कारण नहीं लगी। महाराष्ट्र सरकार के निकाय, स्टीम बॉयलर्स निदेशालय के निदेशक धवल अंतापुरकर ने एक बयान में कहा कि इगतपुरी में जिंदल पॉली फिल्म्स के पांच में से तीन बॉयलर वेस्ट हीट रिकवरी या थर्मिक फ्लुइड पर चलने वाले थे। इसमें भाप तैयार करने के लिए किसी भी ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग नहीं होता है। बाकी दो बॉयलर छोटे औद्योगिक बॉयलर प्रकार के हैं, जिसका मतलब है कि संयंत्र के अंदर इनसे आग लगने की न्यूनतम संभावना है।

सोलापुर की फैक्ट्री में आग। - फोटो : ANI
सोलापुर में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, तीन लोगों की मौत
सोलापुर जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। तीन लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि बारशी तालुका के शिराला स्थित इकाई में अपराह्न करीब तीन बजे आग लग गई। पटाखा निर्माण इकाई के अंदर विस्फोट हुआ, जिससे आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकल और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। बार्शी मुंबई से लगभग 400 किमी दूर स्थित है।
 

सांकेतिक तस्वीर - फोटो : ANI
ठाणे में एक व्यक्ति ने गोदाम में लगाई आग
ठाणे जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर एक गोदाम में आग लगा दी। गनीमत रही कि इस दौरान कोई भी हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि डोंबिविली में शेलार नाका के भरत नगर इलाके में एक डेकोरेटर के गोदाम में शनिवार देर रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर आग लग गई। शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 435 (नुकसान पहुंचाने के इरादे से आग या विस्फोटक पदार्थ द्वारा शरारत) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच जारी
तिलक नगर पुलिस स्टेशन के निरीक्षक पांडुरंग टीथे ने बताया कि आग से गोदाम पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। इससे करीब 60,000 रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने इलाके से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की है और आगे की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

त्र्यंबकेश्वर महादेव - फोटो : ANI
त्र्यंबकेश्वर मंदिर 5-12 जनवरी के बीच बंद रहेगा
एएसआई द्वारा संरक्षण, रखरखाव के काम के लिए त्र्यंबकेश्वर मंदिर 5-12 जनवरी के बीच बंद रहेगा। यह आदेश जिलाधिकारी विकास कुलकर्णी ने जारी किया, जो श्री त्र्यंबकेश्वर देवस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं। कुलकर्णी ने आदेश में कहा कि यह कार्य 'ज्योतिर्लिंग' के संरक्षण और मंदिर की संरचना के रखरखाव से संबंधित है और इस अवधि के दौरान श्रद्धालु 'दर्शन' नहीं कर पाएंगे।
यह देश के 12 'ज्योतिर्लिंगों' में से एक है और पूरे साल इसका संरक्षण किया जाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें