महाराष्ट्र में राज्यपाल कोटे की 12 विधान परिषद सदस्यों की सूची जल्द ही राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के पास भेजी जाएगी। राज्य की महा विकास आघाडी सरकार ने गुरुवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इसकी मंजूरी दी। लेकिन, इन 12 नामो का खुलासा नहीं किया गया है।
महाराष्ट्र में बीते जून महीने से राज्यपाल के कोटे वाली विधान परिषद की 12 सीटें रिक्त है। राज्यपाल संविधान के प्रावधानों के मुताबिक साहित्य, कला, सहकारिता व समाजसेवा से जुड़े 12 लोगों को विधान परिषद सदस्य के तौर पर नामित कर सकते हैं। लेकिन महाराष्ट्र में सत्ताधारी दल इस अधिकार का इस्तेमाल राजनीतिक तौर पर करते रहे हैं।
गुरुवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्य के खाद्य व आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने बताया कि राज्यपाल मनोनित विधान परिषद की 12 सीटों के लिए प्रस्ताव भेजने की मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि महाविकास आघाड़ी के तीनों दल (शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी) मिलकर उम्मीदवारों के नाम तय करेंगे। इसलिए कौन-कौन विधान परिषद के मनोनीत किए जाएंगे। इसकी सूची जल्द ही सामने आ जाएगी।
बंद लिफाफे में है किसका नाम
सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल की बैठक में जिन 12 नामों को राज्यपाल के पास भेजा जाना है। उन्हें काफी गोपनीय रखा गया है। कांग्रेस व एनसीपी की तरफ से बंद लिफाफे में मुख्यमंत्री को अपने उम्मीदवारों के नाम सौपे गए हैं। सत्ताधारी तीनों दलों के बीच चार-चार सीटों का बंटवारा हुआ है। इन सीटों के लिए तीनों दलों के सैकड़ों नेताओं ने अपने-अपने पार्टी के पास आवेदन भेजे थे।
इसलिए नामों को लेकर इन तीनों पार्टियों की ओर से भी गोपनीयता बरती जा रही हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व राजस्व मंत्री बाला साहेब थोरात नॉट रिचेबल रहे। वहीं, पार्टी नेताओं को भी इन नामों की भनक नहीं लगने दी जा रही है।
इन नेताओं को मिल सकता है मौका
सूत्रों के अनुसार विधान परिषद के लिए जिन लोगों को विधान परिषद सदस्य मनोनीत करने की सिफारिश की गई है उनमें शिवसेना की तरफ से पार्टी सचिव मिलिंद नार्वेकर, युवा सेना के पदाधिकारी राहुल कनाल, पूर्व मंत्री अर्जुन खोतकर, पूर्व विधायक सुनील शिंदे, सचिन अहिर, विजय करंजीकर, अभिनेता आदेश वांदेकर, कांग्रेस की तरफ से पूर्व मंत्री नसीम खान, पार्टी प्रवक्ता सचिन सावंत, मोहन जोशी, उर्मिला मांतोडकर, मुजफ्फर हुसैन, एनसीपी में भाजपा छोड़ कर आए पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे, राजू शेट्टी, गायक आनंद शिंदे और उत्तम जानकर के नाम शामिल हो सकते हैं।