झारखंड में एनडीए की सहयोगी आजसू पार्टी ने शनिवार को डुमरी विधानसभा सीट से यशोदा देवी को मैदान में उतारा है। यशोदा देवी ने 2019 में डुमरी से चुनाव लड़ा था, लेकिन जेएमएम के जगन्नाथ महतो से हार गईं थीं। अप्रैल 2023 में महतो की मृत्यु के बाद, उनकी पत्नी बेबी देवी ने उपचुनाव में सीट जीती। एनडीए के सीट-बंटवारे समझौते के तहत, आजसू पार्टी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जदयू 2 सीटों पर, एलजेपी (रामविलास) 1 सीट पर उम्मीदवार उतारेगी और भाजपा शेष 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
विज्ञापन
शिवसेना यूबीटी ने वर्सोवा और घाटकोपर पश्चिम सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महा विकास अघाड़ी के बीच सीट बंटवारे को लेकर अभी पेंच फंसा हुआ है। इस बीच, शनिवार को शिवसेना (यूबीटी) ने वर्सोवा और घाटकोपर पश्चिम सीटों के लिए हारून खान और संजय भालेराव को अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, इन सीटों पर कांग्रेस और राकांपा (सपा) ने भी अपना दावा किया था। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी ने सेना (यूबीटी) नेता अभिषेक घोसालकर के पिता विनोद घोसालकर को दहिसर निर्वाचन क्षेत्र से और भैरूलाल जैन को मालाबार हिल से मैदान में उतारा था। अभिषेक की फरवरी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा, मौजूदा विधायक रुतुजा लटके को अंधेरी पूर्व से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। प्रवीण मोरजकर कुर्ला से सेना (यूबीटी) के उम्मीदवार हैं।
अंधेरी पश्चिम से कांग्रेस का टिकट ठुकराने की खबर
सीटों पर फंसे पेंच के बीच महाराष्ट्र की अंधेरी पश्चिम से कांग्रेस का टिकट ठुकराने की खबर भी सामने आई। इस संबंध में कांग्रेस महासचिव सचिन सावंत ने कहा, 'मैंने इस बारे में अपनी पार्टी हाईकमान और रमेश चेन्निथला से बात की है। मुझे उम्मीद थी कि पार्टी मुझे बांद्रा ईस्ट सीट देगी, जहां मैंने काफी काम किया है। मैंने अंधेरी वेस्ट के लिए कहा भी नहीं था... मैं चाहता हूं कि एमवीए मजबूत रहे और पार्टी का पहला मकसद महायुति को हराना है।'
विज्ञापन
असम में पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इन सीटों पर कुल 38 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन के आखिरी दिन ही 24 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। असम में जिन सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें बेहली, धोलाई, सामागुरी, बोंगाइगांव और सिदली शामिल हैं। उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि धोलाई सीट पर तीन उम्मीदवारों ने नामांकन किया। सिदली सीट पर एक, बोंगाइगांव से पांच, सामागुरी से 12 और बेहली सीट से तीन उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की है। सत्ताधारी भाजपा ने बेहली, सामागुरी और धोलाई सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं बोंगाइगांव सीट पर सहयोगी पार्टी असम गण परिषद और सिदली सीट यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल के उम्मीदवारों को मौका दिया गया है। कांग्रेस ने ने सभी पांचों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
महाराष्ट्र चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें 23 प्रत्याशियों के नाम का एलान किया गया है। इससे पहले कांग्रेस ने गुरुवार को महाराष्ट्र चुनावों के लिए अपनी पहली लिस्ट में 48 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया था। अब दूसरी लिस्ट में 23 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। इस तरह कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए कुल 71 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है।
भाजपा नेता ने थोराट की बेटी के बारे में अभद्र टिप्पणी की; बावनकुले ने टिप्पणी की निंदा की
भाजपा नेता वसंतराव देशमुख ने कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट की बेटी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करके बाद विवाद खड़ा कर दिया है। बता दें कि बालासाहेब थोराट के लंबे समय से विरोधी देशमुख ने शुक्रवार को अहिल्यानगर जिले के संगमनेर में भाजपा नेता सुजय विखे पाटिल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कथित टिप्पणी की।
हालांकि, भाजपा ने उनके टिप्पणी की निंदा की है और महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख से देशमुख के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पत्रकारों से बात करते हुए जयश्री थोराट ने कहा, "मैंने ऐसा क्या किया है कि मेरे बारे में इतने शर्मनाक तरीके से बात की जा रही है? मैं अपने पिता के लिए चुनाव क्षेत्र में युवा सम्मेलन आयोजित करके प्रचार कर रही हूं। भले ही मेरे बारे में बोलने वाले लोग विरोधी हों, लेकिन आलोचना का एक मानक होना चाहिए।" इस घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर मुंबई में मौजूद कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा कि उनकी बेटी संगमनेर में स्थिति को संभालने में सक्षम है।
पश्चिमी महाराष्ट्र में भाजपा 42 से अधिक सीटें जीतेगी: मुरलीधर मोहोल
केंद्रीय मंत्री और पुणे के सांसद मुरलीधर मोहोल ने शनिवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्र की 58 में से 42 से अधिक सीटें जीतेगी। मुरलीधर मोहोल ने पुणे में विदेश मंत्री एस जयशंकर की मौजूदगी में आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, भाजपा पश्चिमी महाराष्ट्र के 58 विधानसभा क्षेत्रों में से 42 का प्रतिनिधित्व करती है। हम 20 नवंबर को होने वाले चुनावों में 42 से अधिक सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सत्ता में थी (तत्कालीन सीएम देवेंद्र फडणवीस के कार्यकाल में) तब मराठा समुदाय को आरक्षण दिया गया था।
उन्होंने मराठा कोटा मुद्दे के राजनीतिक महत्व को स्वीकार करते हुए दावा किया, शरद पवार चार बार मुख्यमंत्री रहे, लेकिन वे मराठा समुदाय को आरक्षण देने में विफल रहे। सहकारिता आंदोलन के उद्गम स्थल के रूप में जाना जाने वाला पश्चिमी महाराष्ट्र कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। हालांकि, 1999 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जन्म ने इस चीनी क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया, जिसमें कई क्षत्रपों और चीनी मिलों के मालिकों ने शरद पवार के पीछे अपना समर्थन दिया।
एनडीए मजबूती से चुनाव लड़ेगी- अर्जुन मुंडा
भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि, भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए मजबूती से चुनाव लड़ेगी। राज्य में मौजूदा स्थिति सहानुभूतिपूर्ण है और मौजूदा सरकार राज्य विरोधी नीतियां अपनाकर झारखंड को बर्बाद करने की कोशिश कर रही है।
कर्नाटक उपचुनाव: सीएम सिद्धारमैया से मिले निर्दलीय उम्मीदवार
कर्नाटक की शिगांव सीट पर हो रहे उपचुनाव में निर्दलीय नामांकन करने वाले कांग्रेस नेता आजमपीर खादरी ने सीएम सिद्धारमैया से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री जमीर अहमद भी मौजूद रहे।