फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Election Updates: शिवसेना में शामिल हुईं कांग्रेस विधायक; 7994 उम्मीदवारों के नामांकन मिले वैध

Thu, 31 Oct 2024 11:38 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

Maharashtra, Jharkhand Election 2024 Updates: महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव पर इस समय सबकी निगाहें बनी हुईं है। विभिन्न पार्टियां व्यापक स्तर पर चुनाव प्रचार में लगी हुई हैं। आइये जानते हैं चुनाव से जुड़े अपडेट्स...

 

विज्ञापन
महाराष्ट्र-झारखंड और उपचुनाव से जुड़े अपडेट्स - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों के साथ ही देश भर में 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और दो राज्यों की दो लोकसभा सीटों पर भी उपचुनाव को लेकर इस दिनों देश की सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है। महाराष्ट्र में एक चरण तो झारखंड में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होना है। आइये जानते हैं कि उपचुनाव और विधानसभा चुनाव को लेकर देश में क्या चल रहा है...

विज्ञापन

बीएमसी के पूर्व नेता विपक्ष भाजपा में शामिल हुए
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में विपक्ष के नेता रहे और मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रवि राजा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से कुछ दिनों पहले बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। 
 

वरिष्ठ भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा पार्टी की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार ने राजा का पार्टी में स्वागत किया। राजा ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है और इस तरह से देश की सबसे पुरानी पार्टी के साथ उनका 44 साल का रिश्ता खत्म हो गया है। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेज दिया है। रवि राजा ने कहा कि मुंबई बीजेपी प्रमुख आशीष शेलार ने मुझे मुंबई बीजेपी उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। मैं मुंबई से महायुति उम्मीदवार के लिए प्रचार करूंगा और यह सुनिश्चित करूंगा कि उम्मीदवार जीत जाए। कांग्रेस पार्टी द्वारा भेदभाव किया जा रहा है। टिकट योग्यता के आधार पर नहीं दिए जा रहे हैं। 

पार्टी की संभावनाएं मजबूत होंगी: शेलार
आशीष शेलार ने कहा, ‘राजा मुंबई से जुड़े मुद्दों के संदर्भ में एक विश्वकोश की तरह हैं। वह हमारे पुराने मित्र है। राजा और उनके समर्थकों के भाजपा में शामिल होने के फैसले से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की संभावनाएं मजबूत होंगी।’

वीबीए प्रमुख प्रकाश आंबेडकर सीने में दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती 
वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर को गुरुवार को सीने में दर्द होने के बाद यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पार्टी ने लोगों से दलित नेता के परिवार की निजता का सम्मान करने का अनुरोध किया।

वीबीए ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘(प्रकाश) आंबेडकर को सीने में दर्द के बाद बृहस्पतिवार तड़के पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीने में रक्त का थक्का जम जाने को लेकर उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति स्थिर है।’

पार्टी ने कहा कि आंबेडकर के तीन से पांच दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रहने की संभावना है। इसलिए पार्टी की चुनाव समन्वय समिति, घोषणापत्र समिति और मीडिया एवं शोध विभाग की मदद से वीबीए की प्रदेश अध्यक्ष रेखा ताई ठाकुर अगले कुछ दिनों तक वीबीए के (विधानसभा प्रचार) अभियान की अगुवाई करेंगी।

भाजपा नेता से नामांकन वापस लेने का किया अनुरोध: सरमा



झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा नेता सत्यानंद झा ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर भाजपा के सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हम केवल एक ही व्यक्ति को टिकट दे सकते हैं। पार्टी उन्हें टिकट नहीं दे सकी, इसलिए सत्यानंद झा ने नाराज होकर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। इस बार झारखंड के लिए बीजेपी का सरकार बनाना बहुत जरूरी है। मैं यहां उनसे अपना नामांकन वापस लेकर पार्टी की मदद करने का अनुरोध करने आया हूं। हमने यह भी कहा है कि उन्हें राज्य या केंद्र सरकार में एक अच्छा और सम्मानित पद दिया जाएगा वे अपने कार्यकर्ताओं से बात करने के बाद निर्णय लेंगे।
 

राज ठाकरे को सता रही बेटे की चिंता: संजय राउत

शिवसेना (उद्धव) के नेता संजय राउत ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे भाजपा की प्रशंसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वह अपने बेटे अमित ठाकरे को लेकर चिंतित हैं। अमित ठाकरे मुंबई के माहिम से एमएनएस उम्मीदवार हैं। चुनाव के बाद एमएनएस और भाजपा एक साथ आएंगे और अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से होगा। संजय राउत ने कहा कि कोई उस व्यक्ति की मानसिकता को समझ सकता है जिसका बेटा चुनाव लड़ रहा है। जिसने कभी कहा था कि भाजपा को महाराष्ट्र से बाहर कर देना चाहिए और अमित शाह और नरेंद्र मोदी को राज्य में प्रवेश नहीं करने देना चाहिए, वह अब भाजपा की प्रशंसा कर रहा है। राज ठाकरे जानते हैं कि महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी का मुख्यमंत्री होगा। गौरतलब है कि राज ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के खिलाफ प्रचार किया था। बाद में उन्होंने अपना रुख बदल लिया। 

कांग्रेस ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र

कांग्रेस ने एक बार फिर चुनाव आयोग को पत्र लिखकर महाराष्ट्र की डीजीपी रश्मि शुक्ला को महाराष्ट्र में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद से हटाने की मांग की है। कांग्रेस लगातार महाराष्ट्र की डीजीपी को पद से हटाने की मांग कर रही है। 
 

 

चुनाव के बाद भी हम जश्न मनाएंगे: सरमा

असम के मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मैं झारखंड के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं देता हूं। हम आज के साथ-साथ चुनाव के बाद भी जश्न मनाएंगे। चुनाव की तैयारियां अच्छी चल रही हैं। भाजपा उम्मीद से ज्यादा सीटें जीतेगी। 
 

 

हम महाराष्ट्र में सरकार बनाने जा रहे: परमेश्वर

कर्नाटक के मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि हम महाराष्ट्र में सरकार बनाने जा रहे हैं। हमारा गठबंधन बहुत अच्छा काम कर रहा है। हमारे पास इस बार जीतने का अवसर है। कांग्रेस ने उस बहुमत में से 103 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ा है। हम 230 सीटें जीत जाएं तो आश्चर्य नहीं है। 
 

टिकट न मिलने पर शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हुईं कांग्रेस विधायक

कांग्रेस की कोल्हापुर उत्तर सीट से विधायक जयश्री जाधव गुरुवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गईं। उनको कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया था। वे अपने बेटे सत्यजीत के साथ पार्टी में शामिल हुईं। उनको पार्टी का उपनेता और महिला विंग का प्रभारी बनाया गया। जयश्री अपने पति चंद्रकांत जाधव की मृत्यु के बाद 2022 में उपचुनाव में कोल्हापुर उत्तर से विधायक चुनी गईं। सीएम शिंदे ने कहा कि उनके आने से कोल्हापुर में पार्टी मजबूत होगी। जाधव ने कहा कि कांग्रेस द्वारा टिकट नहीं दिए जाने के कारण वह शिवसेना में शामिल हो गईं। उन्होंने कहा कि उनका परिवार परंपरागत रूप से शिवसेना से जुड़ा था लेकिन चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद उनके पति कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

भाजपा नेता शेलार का नवाब मलिक पर हमला

मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार ने एनसीपी नवाब मलिक पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नवाब मलिक जमानत पर हैं और उन्हें यह याद रखना चाहिए। सरकार तो बनानी ही है और इसका गठन तीनों पार्टियां मिलकर करेंगी। अजित पवार को नवाब मलिक को टिकट नहीं देना चाहिए था। महाराष्ट्र में कई लोग हैं जो ऐसा सोचते हैं। उनके खिलाफ जिस तरह के गंभीर आरोप हैं, उन्हें कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता है। भाजपा ने अपना रुख साफ कर दिया है। महाराष्ट्र दाऊद जैसे अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी के खिलाफ है। इसके बावजूद अगर उसे टिकट दिया गया है तो बीजेपी ऐसे लोगों के साथ नहीं जुड़ सकती। हम उनके खिलाफ उम्मीदवार के लिए प्रचार करेंगे।
 
आशीष शेलार ने कहा कि हर चुनाव अपनी अनूठी चुनौतियां लेकर आता है। हम जमीन पर ही चुनौतियों का सामना करने की कार्यशैली में विश्वास करते हैं। लोकसभा चुनाव में मुद्दे अलग थे। महायुति बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सबसे पहले राहुल गांधी को चैत्य भूमि जाना चाहिए और बाबा साहब अंबेडकर से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरक्षण खत्म करने की बात कही थी। उन्हें यह अधिकार किसने दिया? अगर राहुल गांधी मुंबई या महाराष्ट्र आ रहे हैं तो हम उनके सामने सवाल उठाएंगे और जवाब मांगेंगे। उन्हें महाराष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए। हम उद्धव ठाकरे से कहेंगे कि वे कर्नाटक में कांग्रेस द्वारा वीर सावरकर के अपमान पर राहुल गांधी से कांग्रेस का रुख पूछें। अगर जरूरत पड़ी तो हम राहुल गांधी को इसका जवाब देने के लिए आंदोलन भी करेंगे। 

मिलिंद देवड़ा को वर्ली से टिकट मिलने पर भाजपा प्रमुख शेलार ने कहा कि मिलिंद देवड़ा वर्ली को आदित्य ठाकरे से बेहतर जानते हैं। देवड़ा वहां से सांसद रहे हैं। वह अपने पिता के समय से ही वहां सक्रिय हैं। आदित्य ठाकरे पिछले पांच साल से ही वर्ली के बारे में जानते हैं। सत्ता विरोधी लहर आदित्य ठाकरे के लिए है, इसलिए मिलिंद देवड़ा आसानी से जीत जाएंगे। 

कांग्रेस और शिवसेना उम्मीदवार ने एक-दूसरे के खिलाफ खारिज कीं आपत्तियां 

नामांकन पत्रों में कमियों का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के मौजूदा विधायक कैलाश गोरंट्याल और शिवसेना के अर्जुन खोतकर की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ दायर की गई शिकायतों को जालना विधानसभा सीट के रिटर्निंग अधिकारी श्रीमंत हरकल ने खारिज कर दिया। विधायक गोरंट्याल ने कहा कि खोतकर ने अपने नामांकन पत्र के साथ हलफनामे में स्थानीय कृषि उपज बाजार समिति (एपीएमसी) के प्रशासक के रूप में मिलने वाले भत्तों का उल्लेख नहीं किया। वहीं खोतकर ने शिकायत में कहा कि गोरंट्याल ने 2022 में दिल्ली के महाराष्ट्र सदन में रहने के लिए मिलने वाली फीस का उल्लेख नहीं किया है। तीन घंटे से अधिक समय तक विचार-विमर्श करने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर हरकल ने बुधवार देर रात दोनों शिकायतों को खारिज कर दिया। गोरंट्याल और खोतकर के नामांकन पत्र स्वीकार कर लिए गए हैं।
विज्ञापन

उल्हासनगर में वाहन से 17 लाख रुपये की नकदी जब्त  

चुनाव उड़न दस्ते ने गुरुवार को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर में एक वाहन से 17 लाख रुपये की नकदी जब्त की। उल्हासनगर विधानसभा क्षेत्र में कल्याण और मुरबाड के बीच रात दो बजे उड़न दस्ते संख्या 6 ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि ड्राइवर नकदी के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जिसे जब्त कर लिया गया और जब्त धन को राज्य के खजाने में जमा कर दिया गया। आयकर विभाग को सूचित कर दिया गया है। मामले की जांच चल रही है। 

7994 उम्मीदवारों के नामांकन वैध मिले
महाराष्ट्र के 288 विधानसभा क्षेत्रों में 7994 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र जांच के बाद वैध पाए गए। चुनाव अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने कहा कि 921 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र अवैध पाए गए। उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 22 अक्तूबर को शुरू हुई और 29 अक्तूबर को समाप्त हुई। कागजात की जांच 30 अक्तूबर को की गई। जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि चार नवंबर है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें