महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने 14 साल की एक बच्ची को खून देकर उसकी जान बचाने वाले एक पुलिसकर्मी की सराहना की है। दरअसल, शहर के एक अस्पताल में बच्ची की ओपन हार्ट सर्जरी हो रही थी और चक्रवात निसर्ग और कोरोना वायरस के चलते उचित रक्तदाता अस्पताल तक पहुंच नहीं पा रहे थे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार देशमुख ने कॉन्सटेबल आकाश गायकवाड़ को बुलाया और कहा कि पूरे पुलिस बल को उन पर गर्व है।
बयान में बताया गया कि बुधवार को हिंदुजा अस्पताल में 14 साल की एक बच्ची सना फातिमा खान को उसकी ओपन हार्ट सर्जरी के दौरान ए पॉजिटिव खून की जरूरत थी। चक्रवात और कोरोना वायरस के चलते कोई भी उपयुक्त रक्तदाता अस्पताल पहुंच पाने में समर्थ नहीं था। ऐसे में अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात कॉन्सटेबल गायकवाड़ आगे आए और अपना खून देकर बच्ची की जान बचाई।
बयान में देशमुख ने कहा, 'चाहे कोविड-19 संक्रमण हो या निसर्ग चक्रवात, पुलिस बल ने आम आदमी का हमेशा सहयोग किया है। विषम परिस्थितियों में भी पुलिस ने अपनी परवाह न करते हुए पहले लोगों को बचाने की और उनकी मदद करने की कोशिश की है। मैं आकाश गायकवाड़ जैसे योद्धाओं को सलाम करता हूं। पूरे पुलिस परिवार का मुखिया होने के नाते मुझे अपने पुलिस बल पर गर्व है।'