महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि फ्रीगमेंटेशन एक्ट का उल्लंघन कर खरीदी गई छोटी भूमि के टुकड़ों का निःशुल्क नियमितीकरण किया जाएगा। इस फैसले से राज्य के लगभग 60 लाख संपत्ति धारकों और करीब तीन करोड़ नागरिकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि 'फ्रैगमेंटेशन एक्ट के विरुद्ध लेनदेन' संबंधी प्रविष्टियां अब 7/12 जमीन दस्तावेज से हटा दी जाएंगी। राजस्व विभाग ने बताया कि नई आठ-सूत्रीय प्रक्रिया 15 नवंबर 1965 से 15 अक्टूबर 2024 के बीच किए गए लेनदेन पर लागू होगी। यह निर्णय MMRDA, पुणे और नवी मुंबई की नियोजन सीमाओं, गैर-कृषि क्षेत्रों, कैंटोनमेंट भूमि और गांवों के आसपास के क्षेत्रों पर भी लागू है। नए नियमों के तहत भूमि मालिक अपने नाम 7/12 दस्तावेज में दर्ज करा सकेंगे, रद्द की गई म्यूटेशन प्रविष्टियों की पुनः जांच कर उन्हें मंजूरी दी जाएगी। नोटरी या स्टांप पेपर पर किए अनधिकृत सौदों को भी पंजीयन के बाद मान्यता मिलेगी। पहले बाजार मूल्य का 25% (बाद में 5%) जुर्माना देना पड़ता था, जिसे अब पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
लातूर: लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में युवक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के लातूर शहर की पुलिस ने एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और उसे परेशान करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के 20 घंटे के भीतर ही पुलिस ने अदालत में आरोपपत्र भी दाखिल कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी इस्राइल कलीम पठान (27 वर्षीय) ने सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे लड़की के घर में अवैध रूप से घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की। सूचना मिलने के बाद गांधी चौक थाने में तुरंत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे के निर्देश पर आरोपी पठान को पकड़ने के लिए दो टीमों का गठन किया गया। बताया गया कि वह नाबालिग लड़की का पीछा भी कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पठान को गिरफ्तार कर लिया गया और सिर्फ 20 घंटे के भीतर अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया।
महाराष्ट्र: पालघर जिले में गृहिणी को चाकू की नोक पर लूटा
महाराष्ट्र के पालघर जिले में तीन लोगों ने चाकू दिखाकर एक गृहिणी के साथ कथित तौर पर लूटपाट की। घटना महिला के तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट में हुई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह वारदात मंगलवार को वसई क्षेत्र के सतीवाली में हुई। पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा चोगुले ने बताया कि तीन लोगों ने महिला के घर की घंटी बजाई। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला, वे जबरदस्ती अंदर घुस गए। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उससे करीब चार तोला सोने के गहने और नकदी लूट ली। मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस के अधिकारी ने बताया कि हमले का विरोध करने पर महिला को हल्की चोटें आईं, जबकि उसका बच्चा सुरक्षित है, जो फ्लैट में मौजूद था। उन्होंने कहा, लुटेरों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। हम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और अपराधियों को पकड़कर ही रहेंगे।
महाराष्ट्र: 31 साल से फरार चोरी का आरोपी लातूर में पकड़ा गया
महाराष्ट्र के लातूर शहर में पुलिस ने एक 55 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से चोरी करने के बाद 31 साल से फरार था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दीपक निवृत्ति कांबले उन तीन आरोपियों में से एक है, जिसने फरवरी 1994 में जिन्नत सोसायटी निवासी दत्तू बाबू नवघन के घर में चोरी की थी। आरोपियों ने घर से 11 हजार रुपये नकद, 24 साड़ियां और कई घरेलू सामान चुरा लिए थे। मामला दर्ज होने के बाद से मुख्य आरोपी कांबले गायब था।
हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि विलासनगर निवासी कांबले चुपचाप वापस लौट आया है और उसी इलाके में रह रहा है। विवरण की पुष्टि के बाद पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। एक स्थानीय अदालत ने कांबले को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
महाराष्ट्र में गुटखा व्यापार पर नकेल, MCOCA लगाने पर विचार
महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) मंत्री नर्हारी जिरवाल ने मंगलवार को कहा कि राज्य में गुटखा और तंबाकू युक्त उत्पादों के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद, बड़ी मात्रा में अवैध गुटखा बाहरी राज्यों से महाराष्ट्र में पहुंच रहा है, जिससे छात्रों और युवाओं को गंभीर नुकसान हो रहा है। राज्य सरकार गुटखा कंपनियों के मालिकों, प्रमुख संचालकों और इस अवैध व्यापार के मास्टरमाइंड्स के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) लगाने पर विचार कर रही है। जिरवाल ने कहा कि महाराष्ट्र में गुटखा और पान मसाला की तस्करी व बिक्री की घटनाएँ लगातार सामने आ रही हैं। सरकार विधि व न्याय विभाग से यह राय मांगेगी कि क्या MCOCA के तहत ऐसे अपराध दर्ज किए जा सकते हैं। मंत्रालय में प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों पर कार्रवाई को लेकर हुई बैठक में जिरवाल ने अधिकारियों को जिला स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने का निर्देश दिया। सरकार द्वारा संशोधित MCOCA में अब मादक पदार्थों जैसे रासायनिक पदार्थों की तस्करी और निर्माण भी शामिल हैं, जिनके तहत कड़ी जमानत शर्तें और विस्तारित चार्जशीट अवधि जैसी कठोर प्रावधान लागू होते हैं।