महाराष्ट्र में कोरोना के मामले में बेतहाशा वृद्धि को देखते हुए उद्धव सरकार ने राज्य में लगे प्रतिबंध को 15 अप्रैल तक के लिए बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके तहत 27 मार्च से रात 8 बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक मॉल, रेस्टोरेंट और पार्क बंद रहेंगे साथ ही समुद्र तटों के पास जाने पर भी रोक रहेगी। सभी व्यक्तियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। सरकार ने 27 मार्च से शुरू होने वाले सभी प्रकार के सामाजिक समारोहों पर प्रतिबंध लगाने के साथ नाटक थिएटरों को भी बंद करने का आदेश दिया है। हालांकि रात में भोजन की होम डिलीवरी की छूट दी गई है।
गोवा प्रशासन ने कोविड-19 के प्रसार पर नियंत्रण पाने के लिए होली, शब-ए-बारात, ईस्टर और ईद-उल फितर से पहले भीड़ पर रोक लगाने के लिए अपने दोनों ही जिलों में शनिवार को धारा 144 लगा दी। उत्तरी और दक्षिण गोवा के जिलाधिकारियों ने सीआरपीसी की धारा 144 के तहत जमावड़े पर रोक लगाने का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि देश के कई हिस्सों में कोविड-19 के मामले फिर तेजी से बढ़े हैं और होली, शब-ए-बारात, ईस्टर और ईद-उल-फितर पर भीड़ भीड़ एवं अन्य कार्यक्रमों से स्थिति बिगड़ सकती है।
भारत में बीते 24 घंटों में 62,258 नए मामले
भारत में बीते 24 घंटों में कोरोनावायरस के 62,258 नए मामले सामने आए हैं, जो अक्तूबर, 2020 के बाद से सबसे अधिक दैनिक मामले हैं। इसके साथ ही शनिवार को कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,19,08,910 तक पहुंच गई।