महाराष्ट्र के जालना में एसआरपीएफ के तीन जवानों सहित पांच लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद जिले में कुल मरीजों की संख्या आठ हो गई है जिनमें से दो मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले के सिविल सर्जन मधुकर राठौड़ ने कहा कि राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के तीन जवानों समेत पांच नए मरीजों की जांच रिपोर्ट शुक्रवार रात पॉजिटिव आई।
जालना के रहने वाले एसआरपीएफ के तीन जवान मालेगांव में तैनात थे जो नासिक जिले में कोविड-19 से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्र (हॉटस्पॉट) बनकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि उनके नमूने औरंगाबाद प्रयोगशाला में भेजे गए जहां उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। राठौड़ ने बताया कि दो अन्य मरीजों ने मुंबई की यात्रा की थी।
वहीं, देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 2293 नए मामले सामने आए हैं और 71 लोगों की मौत हो गई है।
इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 37,336 हो गई है। जिसमें 26,167 सक्रिय हैं, 9951 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1218 लोगों की मौत हो चुकी है।