ईवीएम से छेड़छाड़ का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है। शरद गुट के नेता के बयान पर भाजपा ने आपत्ति जताई है। सत्ताधारी दल- भाजपा का कहना है कि चुनाव नतीजों की घोषणा के एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी महाविकास अघाड़ी अपनी हार नहीं पचा पा रही है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा नीत महायुति को शानदार जीत मिली। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सरकार का गठन भी हो गया। हालांकि, चुनाव नतीजों की घोषणा के एक महीने से अधिक समय बाद भी ईवीएम के खिलाफ शिकायत थमने का नाम नहीं ले रही है। एनसीपी (शरद पवार) की टिकट पर निर्वाचित विधायक उत्तम जानकर ने दावा किया है कि महायुति को मिली जीत के पीछे ईवीएम से छेड़छाड़ है।
विज्ञापन
उत्तम ने कहा कि ईवीएम से हुई छेड़छाड़ के कारण ही भाजपा नीत महायुति को जीत नसीब हुई। उनके बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा कि उत्तम बचकानी बातें कर रहे हैं। भाजपा नेता प्रवीण दारेकेर ने उन्हें निशाने पर लिया और कहा कि उत्तम को अपने दावों के समर्थन में सबूत पेश करने चाहिए। उन्होंने ठोस सबूत पेश करने की चुनौती दी और कहा कि उत्तम अपने खेमे के नेताओं की हार पचा नहीं पा रहे। उन्होंने कहा कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) में शामिल एनसीपी (एसपी), शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस के नेता एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद चुनावी हार से उबर नहीं सके हैं।