लोकल ट्रेन में एक सहयात्री के साथ हुए झगड़े में बुजुर्ग यात्री की मौत का मामला सामने आया है। घटना महाराष्ट्र के थाणे की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। खबर के अनुसार, लोकल ट्रेन के मालवाहक डिब्बे में 65 वर्षीय बुजुर्ग का डिब्बे में मौजूद एक सहयात्री से विवाद हो गया था। विवाद में सहयात्री ने बुजुर्ग को धक्का दे दिया, जिससे लगी चोट के चलते बुजुर्ग की मौत हो गई।
मृतक की पहचान बब्बन हांडे के रूप में हुई है। बब्बन हांडे मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के पूर्व कर्मचारी थे। हांडे थाणे के तीतवाला स्टेशन से मुंबई जाने वाली लोकल ट्रेन में चढ़े थे। दोपहर करीब दो बजे कल्याण स्टेशन पर जीआरपी को सूचना मिली कि ट्रेन के डिब्बे में एक बुजुर्ग खून से लथपथ हालत में बेहोश पड़ा है। सूचना पाकर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर जाकर देखा तो बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी। इस दौरान डिब्बे में मौजूद अन्य लोगों ने आरोपी व्यक्ति को पकड़ा हुआ था। जिसे जीआरपी को सौंप दिया गया।
पूछताछ में पता चला कि मृतक बुजुर्ग का आरोपी के साथ विवाद हुआ था। इसी विवाद में आरोपी ने बुजुर्ग को धक्का दे दिया था, जिससे कोई भारी वस्तु से टकराने से बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट आई थी। यही चोट बुजुर्ग की मौत का कारण बनी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों की तलाश कर रही है।