देश में भीड़ के हाथों हो रही हिंसाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। हालात ये हो गए कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गौरक्षकों को हिदायत दी कि वे कानून को अपने हाथ में न लें। पीएम मोदी की इस हिदायत के बाद महाराष्ट्र पुलिस बीफ के नाम पर की जाने वाली हत्याओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।
डीजीपी ऑफिस की ओर से पुलिस स्टेशनों को सर्कुलर जारी किया गया है। पुलिस को कहा गया कि ये ध्यान रहे कि बीफ मिलने के नाम पर कथित गौरक्षक किसी भी तरह की छापेमारी न कर पाए।
महाराष्ट्र डीजीपी की ओर से मुंबई पुलिस के करीब 94 स्टेशनों को ये संदेश भेजा गया है और कहा गया है कि इसका ध्यान रखा जाए कि बीफ बैन को लेकर कानून का गलत इस्तेमाल न हो। इस बीच महाराष्ट्र के गृह विभाग ने इस मुद्दे पर लोगों को हिदायत दी है कि बीफ की खबर मिलने पर उनसे उम्मीद की जाती है कि वे इसकी जानाकारी पुलिस को दे न कि कानून को अपने हाथ में ले।
विभाग का कहना है कि अगर किसी के पास बीफ मिलता भी है तो उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। पहले मामला सिविक बॉडी के सामने पहुंचेगा और फिर उस मीट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद अगर रिपोर्ट में साबित होता है कि जांच के लिए आया मीट बीफ है, तब ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी।