महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार को मुंबई में माझी लड़की बहिन योजना से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान शिंदे ने कहा, 'मैं आप सभी के साथ हूं। मुझे चुनने के लिए मैं सभी माझी लड़की बहिन को धन्यवाद देता हूं। आप सभी ने महायुति को चुना है। हमने वादा किया था कि हम अपनी सभी बहनों को 2100 रुपये देंगे।'
शिंदे ने महिलाओं को संबोधित करते हुए आगे कहा, 'यह सरकार आपकी है और आप दोबारा इस सरकार को चुनें। मैं धन्य महसूस कर रहा हूं कि आप सभी यहां आए और आपने मुझे आशीर्वाद दिया। यह आम लोगों की सरकार है और हम महाराष्ट्र के विकास के लिए काम करते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान शिंदे ने महिलाओं के साथ एक सेल्फी भी ली।'
क्या है माझी लडकी बहिन योजना जो बनी 'गेमचेंजर'?
महाराष्ट्र सरकार ने 28 जून 2024 को 'मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना' शुरू करने को मंजूरी दी थी। इस योजना के जरिए महाराष्ट्र में 21 से 65 साल की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है। इस योजना का लाभ सीधे डीबीटी द्वारा महिलाओं को उनके खाते में दिया जा रहा है। सरकार का कहना है कि राज्य में महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता, उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार और परिवार में उनकी अहम भूमिका को मजबूत करने के लिए यह योजना शुरू की गई थी।
यह रहे चुनावी नतीजे
महाराष्ट्र में 2024 के विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला दो प्रमुख गठबंधनों के बीच रहा। पहला भाजपा शिवसेना और राकांपा (अजित गुट) का गठबंधन, जिसकी इस वक्त सरकार है। वहीं, विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) शामिल हैं। नतीजों में 288 सदस्यीय विधानसभा में महायुति को 235 सीटें मिली हैं। दूसरी ओर महा विकास अघाड़ी (एमवीए) को 54 सीटें मिली हैं। इसमें कांग्रेस को 16, शिवसेना (यूबीटी) को 20 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) को महज 10 सीटों पर जीत मिल सकी।
संबंधित वीडियो-