NCP Merger: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि NCP के दोनों धड़ों के नेता अपने विलय के मुद्दे को सुलझा लेंगे। इसी के साथ उन्होंने आगे कहा कि भाजपा इस पर फैसला होने के बाद ही कोई टिप्पणी करेगी।
महाराष्ट्र में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। एनसीपी प्रमुख अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की खबरों ने जोर पकड़ लिया है। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि एनसीपी के दोनों गुटों के नेता विलय के मुद्दे को सुलझाएंगे और भाजपा इस पर निर्णय होने के बाद ही टिप्पणी करेगी।
विज्ञापन
कैबिनेट मीटिंग के बाद फडणवीस का बयान
मुंबई में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले महीने एनसीपी प्रमुख और डिप्टी सीएम रहे अजित पवार के निधन के बाद आज पहली कैबिनेट मीटिंग की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा, 'हमने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी और सुनेत्रा पवार का स्वागत किया। उनके नेतृत्व में एनसीपी ने जिला परिषद चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया। हम उनके अच्छे होने की कामना करते हैं।' विलय के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एनसीपी के दो गुटों के विलय के बारे में यह पार्टियों को तय करना है। जब कोई फैसला होगा तो भाजपा प्रतिक्रिया देगी।
अजित पवार के निधन के बाद सियासी हलचल तेज
बता दें कि 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में विमान क्रैश होने के बाद अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। अब उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम का पद संभाल रही हैं। वहीं अजित पवार के निधन के बाद शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) के नेताओं ने दावा किया था कि दोनों गुटों के बीच विलय की बातचीत काफी आगे पहुंच चुकी थी औरक यहां तक 12 फरवरी को फिर से एक होने की घोषणा करने की तैयारी की जा रही थी।
उपमुख्यमंत्री के रूप में सुनेत्रा पवार ने कार्यभार संभाला
इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की नेता सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री को राज्य उत्पाद शुल्क, खेल एवं युवा मामले, अल्पसंख्यक विकास एवं औकाफ मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले दिन में पवार ने प्रभादेवी स्थित श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में पूजा-अर्चना की।