महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में सोमवार को एक कुएं में एक महिला और उसकी चार बेटियों के शव मिले। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम को महिला अपने बच्चों को लेकर मेहेकर तहसील के मालेगांव गांव में स्थित अपने घर से नजदीक के अपने खेत जाने की बात कहकर निकली थी। जब महिला और बच्चे घर नहीं लौटे तो परिवार के सदस्यों और अन्य ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार की सुबह महिला उज्जवला बबन ढोके (35) और उसकी बेटियों वैष्णवी (9), दुर्गा (7), आरूही (4) और पल्लवी (1) के शव गांव के नजदीक कुंए में मिले। उन्होंने बताया कि कुंए के पास उनकी चप्पलें भी पड़ी थी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले को सामूहिक आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
जानेफल पुलिस थाना प्रभारी दिलीप माताराम ने बताया कि बाद में शवों को कुंए से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में भेजा गया। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि महिला के पति की कुछ महीने पहले मौत हो गई थी।