हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को वोट डाले जाएंगे। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। नतीजे 24 अक्तूबर को आएंगे। इसके अलावा 18 राज्यों की 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।
इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा-शिवसेना गठबंधन और कांग्रेस-एनसीपी के बीच है। चुनाव प्रचार के दौरान इन दलों ने एक दूसरे पर हमले का कोई मौका नहीं छोड़ा। चुनाव प्रचार में भाजपा ने बाकी दलों को पीछे छोड़ दिया। भाजपा का तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, नितिन गडकरी समेत कई दिग्गज नेता जुटे।
भाजपा ने वीर सावरकर को भारत रत्न देने का मुद्दा उछाला जिस पर सियासत गर्म रही। विपक्षी दलों ने इसे लेकर भाजपा को घेरा वहीं भाजपा ने हर रैली में सावरकर को भारत रत्न देने की मांग दोहराई। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने पाकिस्तान और कश्मीर का मुद्दा भी जोर शोर से उठाया जिसके आगे कांग्रेस-एनसीपी कमजोर नजर आई।
हरियाणा की 90 सीटों पर 1169 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, इनमें से 104 महिलाएं हैं। यहां कुल 1.83 करोड़ वोटर हैं, जिनमें से 85 लाख महिलाएं हैं। यहां 19,578 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनाव आयोग ने दोनों राज्यों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। महाराष्ट्र में केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस के तीन लाख जवानों को तैनात किया गया है, जबकि हरियाणा में 75000 से ज्यादा जवानों की तैनाती की गई है।