महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक बेहद ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नांदेड़ जिले में छेड़खानी के मामले में जमानत पर रिहा हुए आरोपी व्यक्ति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पीड़िता के पति को आग लगा दी, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना 29 दिसंबर की सुबह तड़के नाइगांव तहसील के बेंद्री गांव में हुई। संतोष माधवराव बेंद्रीकर के खिलाफ 22 दिसंबर को नाइगांव पुलिस ने एक महिला से छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज किया था। उसे 28 दिसंबर को नरसी इलाके से गिरफ्तार किया गया और कुछ ही समय बाद उसे जमानत मिल गई थी।
घर के बाहर आरोपी ने पीड़ित को लगाई आग
बेंद्रीकर और उसके परिजनों ने 29 दिसंबर को महिला के पति से इस बारे में पूछताछ की कि दंपति ने पुलिस से संपर्क क्यों किया था? इसके बाद आरोपी बेंद्रीकर, उसके पिता माधव और भाई शिवकुमार ने पीड़िता के पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब यौन उत्पीड़न की शिकार महिला का पति अपने घर के पास एक टिन की झोपड़ी में अपनी भैंसों को चारा देने गया था।
महिला का पति नांदेड़ शहर के एक अस्पताल में गंभीर रूप से जलने की चोटों के साथ भर्ती है। पुलिस उपनिरीक्षक गजानन तोतेवाड ने बताया कि मुख्य आरोपी, उसके पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अदालत ने उन्हें 30 दिसंबर को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। इस घटना के बाद इलाके में तनाव है।