महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पुलिस ने मंगलवार को फर्जी कॉल सेंटर में छापा मारकर 116 लोगों को हिरासत में लिया। इसमें एक नाबालिग भी शामिल है। ये लोग अमेरिकी नागरिकों का डाटा चुराकर उन्हें ठग रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि कनेक्ट एंटरप्राइजेज नाम से अवैध कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। यहां काम करने वाले लोग अमेरिकी नागरिकों को उनके बकाया टैक्स के बारे में कॉल करते थे और जुर्माने की धमकी देकर उन्हें डिजिटल गिफ्ट कार्ड खरीदने के लिए मजबूर करते थे। गिफ्ट कार्ड के जरिये ठगी गई राशि क्रिप्टो करेंसी में बदल दी जाती थी। पुलिस ने कॉल सेंटर से अमेरिकी नागरिकों का निजी डाटा, फर्जी दस्तावेज और ठगी की स्क्रिप्ट बरामद की है। पकड़े गए लोग भारत के विभिन्न राज्यों से हैं।
शराब पीकर गाड़ी चलाने पर कोर्ट की अनोखी सजा
पुणे मोटर वाहन अदालत ने शराब के नशे में वाहन चलाने के दोषी पाए गए 28 वर्षीय युवक को अनोखी सजा दी है। सजा के तौर पर आरोपी युवक को 1,000 पर्चे छपवाकर शहर के ट्रैफिक सिग्नलों पर बांटने का आदेश दिया है, ताकि वह लोगों को नशे में ड्राइविंग के खतरों के बारे में जागरूक कर सके।
पिंपरी चिंचवड़ पुलिस के अनुसार, अदालत ने युवक पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 23 के तहत 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। आरोपी को 22 जुलाई को हिंजेवाड़ी इलाके में शराब के नशे में गाड़ी चलाते पकड़ा गया था। ट्रैफिक शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि अदालत ने सोमवार को यह सजा सुनाई। आरोपी अब 1,000 पर्चे छपवाकर उन्हें सिग्नलों पर वाहनों के चालकों में बांटेगा।
नागपुर में किसानों का प्रदर्शन खत्म करने का आदेश
नागपुर में चल रहे किसानों के प्रदर्शन पर बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायमूर्ति रजनीश व्यास की पीठ ने बुधवार को आदेश दिया कि प्रदर्शन स्थल को आज शाम छह बजे तक खाली कर दिया जाए। अदालत ने यह आदेश स्वतः संज्ञान लेकर दाखिल याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। कोर्ट ने टिप्पणी की कि किसानों को प्रदर्शन की अनुमति केवल 24 घंटे के लिए दी गई थी, जिसके बाद भी धरना जारी रखना नियमों का उल्लंघन है।
खडसे के बंगले से 6.2 लाख रुपये और अहम दस्तावेज चोरी
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे के जलगांव स्थित बंगले में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर 6.2 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। खडसे ने दावा किया कि चोरी में सिर्फ नकदी या गहने नहीं बल्कि भ्रष्टाचार से जुड़े कई अहम दस्तावेज, सीडी और पेन ड्राइव भी शामिल हैं, जिन्हें उन्होंने आरटीआई के तहत हासिल किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला डॉक्टर की आत्महत्या मामले की जांच हाई-लेवल कमेटी को सौंपी जाए: अंधारे
शिवसेना (यूबीटी) नेता सुषमा अंधारे ने बुधवार को पुणे की 28 वर्षीय महिला डॉक्टर की संदिग्ध आत्महत्या मामले में जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या हो सकती है। अंधारे ने बताया कि मृतका की हथेली पर लिखे सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग उसकी पुरानी शिकायत से मेल नहीं खाती। डॉक्टर ने अपने सुसाइड नोट में पुलिस उपनिरीक्षक गोपाल बडाने पर बार-बार बलात्कार का आरोप लगाया था, जबकि सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बंकर पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप था। दोनों आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अंधारे ने मांग की कि जांच हाई-लेवल कमेटी को सौंपी जाए।
महाराष्ट्र चुनाव आयोग ने दिए आदेश, मतदाता सूची से डुप्लिकेट नाम हटाए जाएंगे
महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने स्थानीय निकाय चुनावों से पहले मतदाता सूची से डुप्लिकेट नाम हटाने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा कि विधानसभा मतदाता सूचियों का उपयोग नगर निगम, नगर परिषद, जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव में किया जाता है। जिन मतदाताओं के नाम दो बार दर्ज पाए गए हैं, उन्हें चिह्नित किया जाएगा। ऐसे लोगों से स्थानीय स्तर पर जांच की जाएगी कि वे एक ही व्यक्ति हैं या अलग-अलग। मतदाता को यह घोषणा देनी होगी कि वे किस मतदान केंद्र पर वोट डालेंगे। यदि कोई व्यक्ति बिना जवाब दिए मतदान केंद्र पर पहुंचेगा, तो उसकी पहचान की कड़ी जांच के बाद ही उसे वोट डालने की अनुमति दी जाएगी।