मुंबई-गोवा हाईवे पर रायगढ़ में सावित्री नदी पर पुल टूटने से हुए हादसे में 14 शव और बरामद हुए हैं। ये शव एनडीआरएफ की टीम ने सावित्री नदी से ही बरामद किए हैं। इससे पहले दो शव और बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि इससे पहले मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने विधानसभा में आठ शव मिलने की जानकारी दी थी।
बता दें कि मंगलवार रात महाड़ में सावित्री नदी पर बना अंग्रेजों के जमाने के पुल का बड़ा हिस्सा भारी बारिश के कारण टूट कर नदी में समा गया था। हादसे में दो बस और कई कारों सहित 40 से ज्यादा लोग उफनती नदी में बह गए थे। प्रशासन ने लापता हुए लोगों की तलाश में युद्ध स्तर पर राहत कार्य चलाया था।
हालांकि नदी में बहे लोगों के बचने की उम्मीद कम ही थी। लापता लोगों की तलाश में एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया था। दो दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने एक दिन पहले दो शवों की तलाश की थी।