तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद शनिवार यानी आज मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाया जाएगा। इस मामले में पहाड़ी पर दीप जलाने के आदेश का पालन नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई थी।
अदालत ने तिरुपरनकुंद्रम मंदिर के ट्रस्ट को निलंबित कर मंदिर का प्रशासन दो न्यायाधीशों की समिति को सौंप दिया है। इसके साथ ही शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की सुरक्षा में दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने का निर्देश दिया था।
सीआरपीएफ ने संभाली कमान
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "सीआरपीएफ की एक कंपनी तैनात की गई है। हमें उच्च अधिकारियों से आगे के निर्देश मिलेंगे।" सीआरपीएफ ने तिरुपरनकुंद्रम में सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी संभाल ली है। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि दरगाह से कम से कम 50 मीटर दूर दीप जलाया जाए। साथ ही पुलिस को दरगाह और उसके परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने किसे लगाई फटकार?
सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार और प्रशासन को फटकार लगाते हुए कहा कि उसके आदेश की जानबूझकर अवहेलना की गई। अधिकारियों ने अदालत के निर्देश के बजाय अपने राजनीतिक आकाओं की बात मानी। ऐसी सांविधानिक गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मदुरै में कार्तिक पूर्णिमा पर कार्तिगई दीपम उत्सव के तहत पहाड़ी पर बने दीपथून नामक स्तंभ पर दीप जलाया जाता है। हिंदू पक्ष की मांग के बावजूद सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी थी।
मंदिर की सुरक्षा राज्य पुलिस से छीनी
अपने आदेश की खुली अनदेखी से नाराज सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम मंदिर की सुरक्षा तमिलनाडु पुलिस से छीनकर सीआरपीएफ को सौंप दी। अदालत ने कहा कि स्थानीय पुलिस व्यवस्था संभालने में नाकाम रही, इसलिए सीआरपीएफ कमांडेंट तुरंत मंदिर की सुरक्षा अपने हाथ में लें। डीजीपी, आईजी और मदुरै एसपी जिम्मेदारी बिना रुकावट सौंपना पक्का करें। सीआरपीएफ मंदिर के साथ दरगाह की सुरक्षा भी करेगी और देखेगी कि वहां इबादत करने वालों को कोई न रोके।
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ ने मंदिर का ट्रस्टी बोर्ड निलंबित कर दिया और मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एस वैद्यनाथन व वी पार्थिबन को रिसीवर बनाकर मंदिर का प्रशासन सौंप दिया।
शीर्ष अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, मदुरै के जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को अवमानना का नोटिस भी जारी किया।
राज्य सरकार ने दी क्या सफाई?
जिलाधिकारी के वकील गोपाल शंकरनारायणन ने कहा कि ट्रस्टियों की मंजूरी के बिना आदेश लागू नहीं हो सकता था। बंदोबस्ती आयुक्त की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी ने माना कि अफसरों ने आदेश गलत समझा हो सकता है, लेकिन जानबूझकर अवहेलना से इन्कार किया। राज्य सरकार 25 नवंबर को अदालत से माफी मांग चुकी है।
24 नवंबर को अदालत की इजाजत के बावजूद दीपथून के बजाय दीप सिर्फ पारंपरिक उच्चिपिल्लैयार मंडपम में जला। ट्रस्टियों ने परंपरा का हवाला दिया था और दीपथून को अंग्रेजों के जमाने का सर्वे पत्थर बताया था। यह विवाद दिसंबर 2025 में न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन के आदेश से शुरू हुआ था, जिसे तब की द्रमुक सरकार ने लागू नहीं होने दिया। अब यह फैसला विजय के नेतृत्व वाली टीवीके-कांग्रेस सरकार के लिए बड़ा झटका है।