फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मदुरै: भारी सुरक्षा के बीच पहाड़ी की चोटी पर प्रज्वलित हुआ कार्तिगई दीपम, 'सुप्रीम अनुमति' पर गतिरोध दूर हुआ

Tue, 24 Nov 2026 08:05 PM IST
ज्योति भास्कर पीटीआई, मदुरै (तमिलनाडु)।
विज्ञापन
तमिलनाडु में जलाया गया कार्तिगई दीपम - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट की अनुमति पर भारी सुरक्षा के बीच मंगलवार को पवित्र पहाड़ी की चोटी पर भक्तिपूर्ण नारों के बीच पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। इसी तरह, तिरुप्परनकुंद्रम के उचि पिल्लयार मंडप में भी दीप जलाया गया जो पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित करने का स्थान रहा है।

मदुरै में रोकी गईं भाजपा नेता तमिलिसाई

भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन को मंगलवार को मदुरै हवाई अड्डे पर पुलिस ने रोका। वह कार्तिगई दीपम उत्सव के लिए तिरुपरनकुंद्रम मंदिर जा रही थीं। सुंदरराजन ने आरोप लगाया कि TVK-नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार "हिंदुओं के खिलाफ" है। उन्होंने कहा कि सरकार भक्तों को सांप्रदायिक मानसिकता वाले लोगों के रूप में पेश कर रही है। सुंदरराजन ने दावा किया कि कलेक्टर दीपक जलाने से रोकना चाहते थे। हालांकि, न्यायाधीश ने कलेक्टर की उपस्थिति को अनिवार्य किया था। भाजपा नेता ने सरकार पर कार्तिगई दीपम को लेकर सांप्रदायिक संघर्ष की झूठी कहानी गढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को अदालत के फैसलों का सम्मान करना चाहिए। सुंदरराजन ने भक्तों और तमिलनाडु के नागरिकों का सम्मान करने की अपील की।

मद्रास हाईकोर्ट ने इस मामले में क्या कहा?

इससे पहले, मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने मदुरै कलेक्टर व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तिरुप्परनकुंद्रम दीपथून में पारंपरिक दीप जलाने के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन करें। पुलिस ने तिरुप्परनकुंद्रम व आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए, जहां लगभग 5,618 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। इनमें दक्षिणी जिलों के 12 पुलिस अधीक्षक (एसपी), 8 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और 132 पुलिस निरीक्षक शामिल हैं।

हिंदुओं की गिरफ्तारी, हजारों पुलिसकर्मी तैनात

तिरुनेलवेली में जब भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन कार्तिगई दीपम उत्सव के लिए तिरुप्परनकुंद्रम जा रहे थे तो पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया। नागेंद्रन ने टीवीके नीत सरकार की आलोचना करते हुए उस पर हिंदुओं की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात करने का आरोप लगाया। शिवगंगा में आरएसएस से संबद्ध हिंदू मुन्नानी के कई नेताओं और सदस्यों को हिरासत में लिया गया। विहिप ने कहा कि यह तमिलनाडु सरकार के सामने एक अग्निपरीक्षा है। उसने चेतावनी दी कि अगर सरकार सुरक्षा मुहैया कराने में विफल रहती है तो इसे हर दिन आयोजित किया जाएगा।

यह है विवाद

दीपम का पूरा विवाद हिंदू संगठनों और कुछ श्रद्धालुओं से जुड़ा है, जो तीन दशक से भी अधिक समय से पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में कार्तिगई दीपम उत्सव के दिन दीप जलाने का प्रयास करते रहे हैं। पहाड़ी के सबसे ऊपरी हिस्से में एक दरगाह स्थित है, जबकि सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर पहाड़ी के नीचे है। एक शिव मंदिर पहाड़ी पर है। हिंदू पक्ष के अनुसार, पहाड़ी पर जिस पत्थर के स्तंभ पर वे दीप जलाना चाहते हैं, वह मंदिर के स्वामित्व में है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें