तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में बसपा से गठबंधन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य के नेताओं से फीड बैक लिया है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नेताओं ने गठजोड़ के लिए हामी भर दी लेकिन राजस्थान के नेता अकेले चुनाव लड़ने पर जोर दे रहे हैं। केंद्रीय नेतृत्व ने तीनों राज्यों में बसपा से तालमेल और सीटों के बंटवारे के लिए 10-15 दिन में रिपोर्ट तलब की है।
राहुल ने शनिवार को तीन राज्यों के नेताओं से जमीनी समीकरणों की जानकारी ली। विचार-विमर्श और राय जानने के बाद उन्होंने कोई फैसला तो नहीं सुनाया है लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी इन राज्यों में बसपा के साथ हर हाल में गठबंधन करेगी।
पार्टी नेताओं का तर्क है कि अगर हम सहयोगी पार्टियों के लिए नहीं झुकेंगे तो हमें उत्तर प्रदेश में इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। राहुल कर्नाटक में भी चुनाव से पहले जद-एस से गठबंधन करना चाहते थे लेकिन राज्य के नेताओं का रुख देखकर अकेले चुनाव मैदान में उतरना पड़ा, जिसका खामियाजा पार्टी को कई सीटें गंवाकर उठाना पड़ा।