पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की हत्या के मामले में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमिंदर काका उर्फ परमिंदर प्रसाद के तौर पर हुई है। उस पर आरोप है कि उसने अमृतसर में संधू पर गोली चलाई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़ा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद की थी फायरिंग
क्राइम ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अजित राजियन ने बताया कि परमिंदर काका की भूमिका शूटर के तौर पर सामने आई है। उन्होंने कहा, 'उसकी भूमिका शूटर की है। उसने फायरिंग की थी और बाइक का भी इंतजाम किया था।'
3 अक्टूबर को अमृतसर में मारी गई थी गोली
मैड संधू की 3 अक्टूबर को पंजाब के अमृतसर में लोहारा रोड इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने संधू पर अचानक गोलियां चला दी थीं। इस हमले में उनकी मौत हो गई थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलेगा गिरफ्तारी का पूरा राज
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के अधिकारी अजित राजियन ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे मामले की जांच से जुड़ी अन्य जानकारियां प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की जाएंगी। पुलिस अब इस मामले में आरोपी की भूमिका और उसके साथ जुड़े दूसरे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
सोशल मीडिया पर काफी चर्चित थे मैड संधू
मैड संधू पंजाबी सोशल मीडिया की दुनिया में जाना-पहचाना नाम थे। वह मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर भी काम करते थे और सोशल मीडिया पर मेकअप आर्टिस्ट्री के साथ-साथ जेंडर से जुड़े मुद्दों पर पॉडकास्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए खुलकर अपनी बात रखते थे।
कपड़ों और कंटेंट को लेकर भी हुआ था विवाद
संधू को अपने कंटेंट के अंदाज और फैशन चॉइस को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना और विरोध का सामना भी करना पड़ा था। कुछ महीने पहले एक निहंग सिख ने उनके सोशल मीडिया कंटेंट और पहनावे पर आपत्ति जताई थी। उसने संधू से कहा था कि उनके वीडियो का युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
इंस्टाग्राम पर थे 2.26 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
सोशल मीडिया पर मैड संधू की अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2.26 लाख फॉलोअर्स थे। सोशल मीडिया के अलावा उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘ओए भोले ओए’ में भी काम किया था। मेकअप आर्टिस्ट, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और अभिनेता के तौर पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी।
ये भी पढ़ें:
सीजेपी प्रदर्शन: बंगलूरू के फ्रीडम पार्क से हुई शुरुआत; प्रकाश राज, ध्रुव राठी समेत मंच पर कौन-कौन मौजूद?
क्या है अब तक की तस्वीर?
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मैड संधू पर बाइक सवार दो लोगों ने हमला किया था। अब अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने कथित शूटर परमिंदर काका को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि उसने फायरिंग के साथ हमले के लिए बाइक का भी इंतजाम किया था और उसका संबंध गोल्डी ढिल्लों गैंग से है। मामले की जांच जारी है।