पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण स्थिति का भारत में विमान सेवाओं पर प्रभाव पड़ रहा है। रविवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर दुबई जा रहे 54 यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। ये यात्री सऊदी एयरलाइंस की उड़ान संख्या एसवी 893 में सवार थे, जो लखनऊ से जेद्दा के लिए उड़ान भरती। सूत्रों के मुताबिक, इन यात्रियों को दुबई जाना था, लेकिन सऊदी अरब से दुबई जाने वाली आगे की उड़ान रद्द हो गई थी। इस वजह से यात्रियों को लखनऊ में ही उतारना पड़ा। रिफंड के बारे में कोई जानकारी न मिलने से यात्री काफी परेशान और निराश दिखे।
इससे पहले, लखनऊ एयरपोर्ट पर एक और अंतरराष्ट्रीय विमान की इमरजेंसी लैंडिंग भी करानी पड़ी। यह विमान दुबई की उड़ान संख्या एफजेड 1133 थी, जो दुबई से काठमांडू जा रही थी। विमान में ईंधन कम होने की वजह से पायलट ने आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया। शाम करीब 8:22 बजे इस विमान को सुरक्षित उतारा गया। इसमें कुल 154 यात्री सवार थे।
ये भी पढ़ें: Assembly Election: AIADMK प्रमुख पलानीस्वामी ने DMK पर साधा निशाना, बंगाल में 12 पुलिस अधिकारियों का तबादला
लखनऊ एयरपोर्ट पर हाल के दिनों में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं। 31 मार्च को दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को धुएं की चेतावनी मिलने के बाद लखनऊ में उतारना पड़ा था। पायलट ने स्थिति की गंभीरता बताने के लिए 'पैन-पैन' कॉल भी किया था। इसके अलावा, सोमवार शाम को बागडोगरा से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक और उड़ान की आपातकालीन लैंडिंग हुई। इस विमान के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम वाले हिस्से (एवियोनिक्स बे) में धुआं देखा गया था। उस समय विमान में 148 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य मौजूद थे। पायलट ने सुरक्षा को देखते हुए तुरंत लैंडिंग का फैसला किया था।
अन्य वीडियो-