लोकसभा में आज के दिन भी विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया गया है। वहीं केंद्र सरकार ने अहम विधेयकों को पारित करने पर अपना ध्यान केंद्रित किया। जिसके परिणामस्वरुप लोकसभा में दो अहम टैक्स विधेयक बिना किसी बहस के ही पारित किए गए। अब इसे लेकर विपक्षी सांसद सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
लोकसभा में दो अहम टैक्स बिल सोमवार को ही बिना किसी बहस के पारित हो गए। बता दें कि लोकसभा ने सोमवार को कराधान से संबंधित दो विधेयकों- आयकर (संख्या 2) विधेयक और कराधान कानून (संशोधन) विधेयक- को विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच पारित कर दिया। वहीं इन दो विधेयकों को लेकर सपा और कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
विज्ञापन
सपा सुप्रीमो ने सरकार के संसोधन पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी (एसपी) प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'यह भाजपा के काम करने का तरीका है। इतने बड़े फैसले पर सदन में कोई चर्चा तक नहीं हुई। उनकी विदेश नीति देखिए- एक के बाद एक टैरिफ और हमारा पूरा कारोबार चीन पर निर्भर है, तो यह किस तरह का संशोधन है? कोई सोच भी नहीं सकता था कि 20,000 प्राथमिक स्कूल बंद हो जाएंगे। गरीब बच्चों को पढ़ाई का मौका नहीं मिलेगा, तो चाहे जितने आयकर बिल पास कर लो, खुशी नहीं मिलेगी।'
कार्ति चिदंबरम ने विधेयक पास होने के बताया निराशाजनक
वहीं कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, 'यह निराशाजनक है कि बिल बिना विपक्ष को बोलने का मौका दिए पास हो रहे हैं। हम एसआईआर मुद्दे पर लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार अडिग है। खेल विधेयक में कई अहम बातें उठानी थीं - सरकार न तो खेलों में भागीदारी बढ़ाने के लिए कदम उठा रही है, न उत्कृष्टता को बढ़ावा दे रही है। पूरा मकसद सिर्फ राष्ट्रीय खेल बोर्ड के जरिए खेल संगठनों पर नियंत्रण पाना है।'
विज्ञापन
बता दें कि आयकर (संख्या 2) विधेयक 2025, आयकर अधिनियम 1961 से संबंधित कानूनों को समेकित और संशोधित करने के लिए पास किया गया है। वहीं, कराधान कानून (संशोधन) विधेयक 2025, आयकर अधिनियम 1961 के साथ-साथ वित्त अधिनियम 2025 में संशोधन करेगा।