पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की महिला शाखा एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन करने का एलान किया। इसपर भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने सवाल उठाया है। उन्होंने पूछा कि पश्चिम बंगाल में अन्य राज्यों की तुलना में ईंधन पर अधिक कर क्यों हैं? पश्चिम एशिया संघर्ष से जुड़ी बढ़ती ऊर्जा लागत के बीच, घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 60 रुपये और 114.5 रुपये की भारी बढ़ोतरी हुई है।
यह भी पढ़ें -Diplomacy: 'भारत वो देश, जो किसी भी पक्ष से बात कर सकता है', वैश्विक तनाव के बीच बोले फिनलैंड के राष्ट्रपति
पश्चिम बंगाल में अन्य राज्यों की तुलना में ईंधन पर अधिक कर क्यों
भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने शनिवार को ममता बनर्जी सरकार पर अन्य राज्यों की तुलना में ईंधन पर अधिक कर लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति की भयावहता को जानते हुए भी खाना पकाने की गैस की कीमतों में वृद्धि को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका,इस्राइल, ईरान और कई अन्य खाड़ी देशों के बीच चल रहे युद्ध की स्थिति के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी वृद्धि हो सकती है, और उन्होंने पूछा, "पश्चिम बंगाल में पेट्रोल और डीजल अन्य राज्यों की तुलना में अधिक महंगे क्यों हैं?"
यह भी पढ़ें -LPG Price Hike: गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने पर कांग्रेस हमलावर, प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका पर उठाए सवाल
महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाया
उन्होंने सवाल उठाया कि ममता बनर्जी की सरकार अन्य कई राज्यों की तरह ईंधन पर लगाए गए करों को कम क्यों नहीं कर रही है। यहां राज्य भाजपा कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए चक्रवर्ती ने कहा कि विधानसभा चुनाव वाले पश्चिम बंगाल में मुख्य मुद्दा लोगों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा है। उन्होंने बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह उचित सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के बजाय महिलाओं को रात में बाहर न निकलने की सलाह दे रही हैं, और उन्होंने वादा किया कि अगर भाजपा विधानसभा चुनाव जीतती है तो महिलाओं के लिए एक सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा, "बंगाल में सत्ता में आने पर भाजपा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।" इसके साथ ही आश्वासन दिया, "सभी सुरक्षित रहेंगे।" अभिनेता-राजनेता ने आरोप लगाया कि राज्य में आपराधिक गतिविधियों में कोई विराम नहीं है, और घटनाएं लगातार होती रहती हैं ।