नई दिल्ली। सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडर की कीमत बृहस्पतिवार से दो रुपये प्रति सिलिंडर बढ़ा दी गई है। जुलाई से रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में हुई यह तीसरी बढ़ोतरी है। दूसरी तरफ, विमान ईंधन (एटीएफ) कीमतों में 3.8 प्रतिशत कमी की गई है। सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, दिल्ली में अब सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलिंडर का दाम 425.06 रुपये होगा, जो 423.09 रुपये था।
जुलाई से यह सब्सिडी वाले सिलिंडर के दाम में हुई तीसरी वृद्धि है। उस समय सरकार ने हर महीने सब्सिडी में कुछ कमी करने का निर्णय किया था। इसी के साथ पेट्रोलियम कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले सिलिंडर का दाम 20.5 रुपये प्रति सिलिंडर घटा दिया है। बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडर का दाम दिल्ली में अब 466.50 रुपये होगा, जो अभी तक 487 रुपये प्रति सिलेंडर था।
इससे पहले 16 अगस्त को एलपीजी का दाम 1.93 रुपये प्रति सिलिंडर बढ़ाया गया था। मालूम हो कि पहली जुलाई को इसकी कीमतों में 1.98 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। सरकार ने हाल ही में डीजल की तरह एलपीजी और केरोसिन तेल पर दी जाने वाली छूट में भी कमी लाने का फैसला किया था।