महाराष्ट्र में 11 दिन तक चले गणेश उत्सव के समाप्त होने के बाद गुरुवार को शुरू हुई विसर्जन प्रक्रिया में शुक्रवार सुबह तक 16 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दो लापता बताए जा रहे हैं। नासिक में गुरुवार को भारी बारिश के बीच विसर्जन के दौरान सात लोगों की मौत हो गई।
मूर्ति विसर्जन के दौरान मुसालगांव के एक तालाब में सेना के जवान संदीप शिरसत और एक अन्य स्थानीय नागरिक रामेश्वर की डूबने से मौत हो गई, जबकि जिले के अन्य गांवों में नीलेश पाटिल, भूषण कास्बे, सुमित पवार, अमोल पाटिल और रोशन साल्वे की डूबकर मौत हो गई।
वर्धा जिले में नदी में विसर्जन के दौरान भगवान गणेश की मूर्ति के साथ सेल्फी लेने के क्रम में तीन छात्रों की डूबकर मौत हो गई, जबकि उनके एक दोस्त को स्थानीय नागरिकों ने बचा लिया।