लोकसभा चुनाव 2014 में प्रशांत सेठी नामक व्यक्ति इसलिए चर्चा में आए थे, क्योंकि वो दिखने में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जैसे थे। अब प्रशांत एक बार फिर लोकसभा चुनाव में चर्चा में आ गए हैं। लेकिन इस बार वजह कुछ और है।
भाजपा समर्थक प्रशांत सेठी अब राहुल गांधी जैसा नहीं दिखना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने ना केवल 20 किलो वजन बढ़ा लिया है बल्कि अपना हेयरस्टाइल भी बदल लिया है।
प्रशांत ने दावा किया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आधारित हालिया बड़े बजट की बॉलीवुड फिल्म में राहुल गांधी की भूमिका निभाने से इनकार कर दिया था। उनका कहना है, "मैं राहुल के जैसा और नहीं दिखना चाहता। बेशक, वो राष्ट्रीय नेता हैं और मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन मैं भाजपा समर्थक हूं और मैं नरेंद्र मोदी का पक्षधर हूं। मैंने इसी कारण से बॉलिवुड फिल्म को भी ठुकरा दिया।"
जब उनसे पूछा गया कि आखिर पांच साल में ऐसा क्या बदल गया? तो उन्होंने कहा, "राहुल के पास ऐसी कोई बड़ी उपलब्धि नहीं है, जिसपर बात की जा सके। एक नागरिक होने के नाते, मुझे उनसे बहुत उम्मीदें हैं।"
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रशांत कांग्रेस की राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ हैं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से खुश नहीं हैं। राहुल गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर बनने वाले जोक्स का भी प्रशांत पर असर हुआ है।
प्रशांत की पत्नी गुंजन को अपने पति के लुक से कोई परेशानी नहीं है। उनका कहना है, "वो कई बार नील नितिन मुकेश जैसे दिखते हैं और एक भारतीय राजनेता की बजाय बॉलिवुड सेलिब्रिटी जैसा दिखना ज्यादा अच्छा है।" वहीं प्रशांत के पिता उन्हें हमेशा से ही युवा कांग्रेस के साथ जुड़ने के लिए कहते आए हैं, लेकिन प्रशांत हमेशा ही इस बात से मना करते रहे हैं।