मोटी दाढ़ी और माथे पर लाल टीका के साथ आंखों पर चश्मा पहने 37 वर्षीय विजय माने महाराष्ट्र में रातोंरात प्रसिद्ध हो गए हैंष वजह ये है कि वह हूबहू सीएम एकनाथ शिंदे की तरह दिखते हैं। शिंदे के 30 जून को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद भी वह और ज्यादा मशहूर हो गए। लोग उन्हें सड़कों पर रोककर उनकी तस्वीर खींचते हैं और उनके घर के बाहर भीड़ लग जाती है।
हालाकि, सुर्खियों के साथ अब उनके लिए मुश्किलें भी पैदा होने लगी हैं। माने पुणे जिले में भाजयुमो की हवेली तालुका इकाई के महासचिव हैं। पुणे पुलिस ने सोमवार को उसके खिलाफ एक गैंगस्टर के साथ कथित तौर पर तस्वीर खिंचाने और उसे सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि इससे सीएम शिंदे की छवि को नुकसान पहुंचा है।
माने के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 419 (प्रतिरूपण द्वारा धोखाधड़ी), 469 (जालसाजी), 500 (मानहानि)के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुणे के बुंदगार्डन पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पुणे अपराध शाखा मामले की जांच कर रही है। आरोप मुख्य रूप से यह है कि माने ने गैंगस्टर के बगल में पोज देकर सीएम की छवि खराब की है।
माने ने इस आरोप का खंडन किया है। उनका कहा है कि मैं अहमदनगर जिले में एक कार्यक्रम के लिए गया था। सभी ने सोचा कि सीएम आ गए हैं और रास्ता बनाने के लिए अलग हो गए। मैं स्थानीय पुलिस स्टेशन के अंदर गया और वहां अनौपचारिक बातचीत के लिए बैठ गया। वहां बहुत भीड़ थी और मुझे नहीं पता था कि मेरे बगल में कौन है। किसी ने एक तस्वीर क्लिक की होगी और इसे वायरल कर दिया होगा।