देश में लोकसभा चुनाव 2019 चुनाव के तारीखों की घोषणा हो चुकी है। सात चरणों में मतदान के बाद 23 मई को देश की सरकार तय हो जाएगी। इधर, सियासी दलों के बीच लड़ाई महासंग्राम में तब्दील हो चुकी है। सभी दलों की नजर 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश पर है। यहां नेताओं के दौरे और उम्मीदवारों के एलान का दौर तेज हो गया है। सभी दल लोगों का मिजाज समझने में लगे हुए हैं।
गाजीपुर उत्तर प्रदेश की एक महत्वपूर्ण लोकसभा सीट रही है। यहां के वर्तमान सांसद केंद्रीय संचार एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा हैं। उन्होंने हाल ही में गाजीपुर में 84 विकास कार्यों और छह घाटों के सुंदरीकरण के कुल 17 करोड़ 97 लाख रुपये के कार्यों का शिलान्यास किया। चुनाव की तारीखों का एलान होने से पहले अपनी विकास पुरुष की छवि को और चमक देते हुए सिन्हा ने दो लाख वोटरों को साधने की कोशिश की है। देखना होगा कि जनता उनके काम से कितनी खुश है!
जनता क्या चाहती है? जनता के मुद्दे क्या हैं, उसके दिल में क्या है? राजनेताओं के वादों और दावों के पीछे का सच क्या है? ऐसे ही कुछ सवालों के जवाब के लिए अमर उजाला डॉट कॉम का राल्को टायर महासंग्राम चुनावी रथ पहुंच रहा है लोगों के बीच।
मंगलवार को हम जब गाज़ीपुर पहुंचे, तो लोगों ने यहां चुनावी मुद्दों पर खुल कर बात रखी।