लोकसभा में मानसून सत्र की समाप्ति पर अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन के सभी सदस्यों, राजनीतिक दलों और सरकार की तरफ से किए गए सहयोग से इस सत्र में 167 फीसदी कामकाज हुआ जो कि अपने आप में ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान सत्र चलाना बेहद चुनौतीपूर्ण था लेकिन सभी के सहयोग से यह सफल रहा।
बता दें कि कोरोना संकट के कारण संसद का मानसून सत्र बुधवार को अपने निर्धारित समय से करीब आठ दिन पहले अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। सत्र में कटौती के बावजूद संसद के दोनों सदनों में कई विधेयकों को पारित किया गया। राज्यसभा और लोकसभा दोनों सदनों ने लगातार दस दिनों तक काम किया।
इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर बात नहीं बनने के कारण सदन के कामकाज में तीन घंटों का नुकसान हुआ वहीं सदन ने तीन घंटे 26 मिनट अतिरिक्त बैठकर कामकाज किया।