लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण का मतदान आज पूरा हो गया। आठ प्रदेशों में सुबह के सात बजे से शाम के छह बजे तक मतदान जारी रहा। मतदान के दौरान बंगाल में हिंसा की घटनाएं भी देखने को मिली। झारग्राम लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रणत टुडू पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए।
पश्चिम बंगाल में जारी मतदान के बीच झारग्राम लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रणत टुडू पर हमला किया गया। इसका एक वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ लोगों को लाठी-डंडे और हथियारों से भाजपा उम्मीदवारों पर हमले करते देखा जा सकता है। इस हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "हमें कल जानकारी मिली थी कि भाजपा मतदाताओं को मोंगलापोटा के मतदान केंद्र में प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है। हम यहां यही देखने आए थे, कि क्या दिक्कत है। यहां 200 लोगों ने हमपर लाठियों, पत्थरों और हथियारों से हमला करने लगे। केंद्रीय सुरक्षा बल वहां मौजूद नहीं था। पुलिस की तरफ से हमें कोई सुरक्षा नहीं दी गई। ममता बनर्जी राज्य में सीएए लागू होने देना नहीं चाहती है। वह देश को पाकिस्तान बना देगी।"
अग्निमित्रा पॉल को पुलिस ने रोका
वहीं, इससे पहले पुलिस ने मिदनापुर से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल के काफिले बोनपुरा गांव के किस्मत अंगुआ में रोक दिया। अग्निमित्रा पॉल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "वे मतदान को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। बंगाल पुलिस यह सब कर रही है। मैंने पुलिस को वह अनुमति दिखा दी है जो मेरे पास है लेकिन वह मुझसे पूछ रहे हैं कि आपके पास हार्ड कॉपी क्यों नहीं है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि केशियारी में भाजपा के पोलिंग एजेंटों को मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "आपको दिख नहीं रहा कि हमारे पोलिंग एजेंटों को यहां से बाहर कर दिया गया है। आप मतदान केंद्रों में बंगाल पुलिस को प्रवेश करने की अनुमति क्यों दे रहे हैं। हमारे पोलिंग एजेंट को मतदान केंद्र के अंदर बैठने नहीं दिया जा रहा है। कल रात पुलिस हमारे कई कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों को उठाकर ले गए। केशियारी में हमारे पोलिंग एजेंटों को उठा लिया गया।" भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के पक्ष में मतदान हो रहा है।