राज्यसभा में वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा, 'कश्मीर में पहली बार स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव 1977 में हुए थे जब कांग्रेस सत्ता में नहीं थी। उस समय मोरारजी देसाई प्रधानमंत्री थे। कांग्रेस के शासन के दौरान घाटी में चुनाव प्रक्रियाएं किस तरह से हुईं और कैसे सरकार बनाई गई, यह सभी जानते हैं।'
टीडीपी और एआईडीएमके के हंगामे के कारण लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने संसद को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया है।
राज्यसभा में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने राफेल को लेकर सवाल किया। जिसका जवाब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने देते हुए कहा कि इसे लेकर कोई विवाद नहीं है। आपलोग इसे तूल दे रहे हैं। विवाद केवल कांग्रेस के मन में है। फ्रांस के विदेश मंत्री से इसपर कोई चर्चा नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से फ्रांस के विदेश मंत्री खुश थे। सुषमा के जवाब के बाद आनंद शर्मा ने वाकआउट कर दिया।
लोकसभा में कावेरी बांध मुद्दे पर हंगामा कर रहे अन्नाद्रमुक और आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिये जाने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के कुल 19 सदस्यों को स्पीकर सुमित्रा महाजन ने गुरुवार को सदन से चार कामकाजी दिवस के लिए निलंबित कर दिया। हालांकि निलंबित किए हुए टीडीपी के 12 सांसद सदन स्थगित होने से पहले तक मौजूद थे। बढ़ते हंगामे की वजह से संसद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने राफेल पर राहुल गांधी के पीएम मोदी से वन-टू-वन की मांग पर कहा, 'यह उनपर सीधी आरोप है कि उन्होंने अपने दोस्तों की मदद की। वह सदन के नेता हैं। यदि वह यहां जवाब नहीं देते हैं तो वह कहां देंगे? वह दूसरे लोगों को अपनी तरफदारी क्यों करने दे रहे हैं?'
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का पीएम मोदी पर लगातार हमला जारी है। आज भी फिर राहुल ने ट्वीट कर पीएम पर निशाना साधा है। राहुल ने लिखा है कि लगता है पीएम संसद से भाग गए हैं। पंजाब में छात्रों को लेक्चरर देने गए हैं। छात्रों से अनुरोध है कि उनसे मैंने जो चार सवाल पूछे हैं उसका जवाब मांगें।
लोकसभा में हंगामा करने के आरोप में 12 टीडीपी के और 7 एआईएडीएमके सांसद निलंबित।
राफेल मुद्दे पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में चर्चा का जवाब देंगी।
कावेरी पर बांध के मुद्दे और आंध्र प्रदेश के लिए विशेष दर्जे की मांग को लेकर अन्नाद्रमुक एवं टीडीपी के सदस्यों के हंगामे के कारण गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होने के करीब 15 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। प्रश्नकाल शुरू होने के साथ ही टीडीपी सदस्य आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग करते हुए हाथों में तख्तियां लेकर आसन के निकट पहुंच गए। कुछ देर बाद अन्नाद्रमुक सदस्य भी कावेरी नदी पर बांध का निर्माण रोकने की मांग करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। अन्नादमुक के कुछ सदस्यों ने कागज के टुकड़े उछाले।
कांग्रेस नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे, ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया, सुनील कुमार जाखड़ और राजीव सताव ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया है। उन्होंने यह प्रस्ताव गृह मंत्रालय द्वारा 10 केंद्रीय जांच एजेंसी को किसी भी कंप्यूटर की निगरानी करने का अधिकार दिए जाने के विरोध में दिया है।
एनके प्रेमचंद्रन, केसी वेणुगोपाल, सुरेश कोडिकुन्नील और पीके कुन्हालिकुट्टी ने सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया है।
तेलुगू देशम पार्टी के सांसद संसद परिसर में आंध्र प्रदेश को विशेष सराज्य का दर्जा देने को लेकर विरोध कर रहे हैं।
एआईएडीएमके के सांसद संसद भवन में कावेरी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कल 24 AIADMK सांसदों को सदन में उनके अशिष्ट व्यवहार के लिए लोकसभा की लगातार 5 बैठकों से निलंबित कर दिया गया था।
राष्ट्रीय जनता दल के सांसद जेपी यादव ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने यह नोटिस भारतीय सेना से अहीर या यादव रेजिमेंट के उन्मूलन को लेकर दिया है।