रैली के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ
ओडिशा दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि यूपी की तरह ओडिशा को भी डबल इंजन सरकार की जरुरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनी और फिर यूपी में भी भाजपा की सरकार बनी तो राज्य बहुत तेजी से विकास करता चला गया। यहां भी विकास तीव्र गति से हो इसलिए जरुरी है कि हर चुनाव में ज्यादा से ज्यादा भाजपा को जीत दिलाएं।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए ओडिशा सरकार जिस योजना को चला रही है वह स्थाई नहीं है। भारत सरकार ने किसान सम्मान निधि योजना के तहत क्रांति लाने का कार्य किया है। इससे सीधे किसानों के खाते में राशि जाएगी।
उन्होंने कहा कि हम सबको आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ने की जरुरत है। यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष या किसी पार्टी की नहीं है, बल्कि पूरे राष्ट्र की है, जिसमें हर नागरिक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में साथ काम करने की जरुरत है।
ओडिशा के भवानीपटना में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे जवान सीमा पर आतंकवादियों को ढेर कर रहे हैं। पुलवामा हमले के बाद भारतीय सेना ने आतंकियों का सफाया करना शुरू किया है।
पाकिस्तान परस्त आतंकवादी, जो भारतीय संप्रभुता को खतरा पैदा करना चाह रहे हैं, इसका जवाब भारतीय नेतृत्व की नरेंद्र मोदी सरकार ही दे सकती है। पहले कश्मीर के अंदर कहा जाता था कि जब आतंकवादी गोली चलाएं, तभी गोली चलाना। लेकिन भाजपा सरकार ने सेना को खुला आदेश दिया है कि आतंकियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाए।
धर्मेंद्र प्रधान की सराहना की
उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की सराहना करते हुए कहा कि धर्मेंद्र जी ने ओडिशा के साथ पूरे देश में काफी तेजी से उज्जवला कनेक्शन दिया है। कहा कि 1947 से 2014 तक जितने गैस कनेक्शन नहीं दिए गए, उससे कहीं ज्यादा भाजपा की सरकार ने दिए। इसके साथ ही तेजी से बिछाई जा रही गैस पाइपलाइन योजना पर भी उनकी सराहना की।