पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव प्रचार में पहलवान खली के मौजूद होने के कारण तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की है। 26 अप्रैल को जाधवपुर लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार अनुपम हाजरा ने चुनाव प्रचार किया था। इस दौरान पहलवान खली भी उनके लिए प्रचार करते नजर आए थे। इसके खिलाफ टीएमसी ने पत्र लिख कर चुनाव आयोग से शिकायत की।
टीएमसी ने अपनी शिकायत में लिखा कि पहलवान खली के पास अमेरिका की नागरिकता है, इसलिए कानूनी रूप से वो एक विदेशी हैं, और इसलिए एक विदेशी को यह अधिकार नहीं होना चाहिए कि वो भारतीय मतदाताओं के प्रभावित करे।
गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा ने टीएमसी के रायगंज लोकसभा के उम्मीदवार कन्हैया लाल अग्रवाल के रोड शो में बांग्लादेशी अभिनेता फिरदौस अहमद की मौजूदगी को लेकर आयोग से शिकायत की थी। भाजपा ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए कहा था कि ऐसा करके टीएमसी अल्पसंख्यकों को लुभाने की कोशिश कर रही है। इस मामले में भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा था कि कल तृणमूल कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को भी आमंत्रित करेगी। गृह मंत्रालय ने इस मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस से रिपोर्ट भी मांगी थी।
बता दें कि आचार संहिता में विदेशी नागरिक के बारे में साफ तौर पर कुछ नहीं बताया गया है। ऐसे में इस मामले का फैसला चुनाव आयोग पर ही निर्भर करेगा।