फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टिकट कटने की अटकलों के बीच इंदौर में ताई की चुनावी सक्रियता जारी

Mon, 01 Apr 2019 09:58 PM IST
अमित मंडल भाषा, इंदौर
विज्ञापन
सुमित्रा महाजन - फोटो : ANI
विज्ञापन
टिकट कटने की तेज होती अटकलों से बेपरवाह लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की चुनावी सक्रियता यहां सोमवार को भी जारी रही। महाजन इस सीट से लगातार आठ दफा चुनाव जीत चुकी हैं। लेकिन इस बार उनकी चुनावी उम्मीदवारी को लेकर रहस्य बरकरार है।
विज्ञापन


भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि महाजन ने शहर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-एक के अलग-अलग इलाकों में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकें लीं। ये बैठकें इंदौर में 19 मई को होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए स्थानीय भाजपा संगठन की तैयारियों से संबंधित थीं। 

प्रवक्ता ने बताया कि महाजन हफ्ते भर से शहर के भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उन्हें चुनावों के संबंध में मार्गदर्शन दे रही हैं। इस बीच, वैश्य समाज के तीन स्थानीय संगठनों ने इंदौर सीट से लगातार नौवीं बार उनकी उम्मीदवारी के प्रति अपना समर्थन जताया। 
विज्ञापन


बहरहाल, मीडिया के एक हिस्से में आई खबरों में कयास लगाया गया कि भाजपा द्वारा इंदौर सीट से इस बार महाजन का टिकट काटकर मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ को दिया जा सकता है। गौड़ शहर की महापौर और क्षेत्र क्रमांक-चार से भाजपा की विधायक हैं। 

ताई के नाम से मशहूर महाजन इंदौर सीट से चुनावी टिकट की शीर्ष दावेदार हैं। लेकिन इस सीट पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार की अब तक घोषणा नहीं की है। इस विलंब से सियासी गलियारों में कयासबाजी जारी है कि क्या लालकृष्ण आडवाणी (91) और मुरली मनोहर जोशी (85) सरीखे वरिष्ठतम भाजपा नेताओं की तरह महाजन को भी इस बार चुनावी समर से विश्राम दिया जाएगा? 

बहरहाल, 12 अप्रैल को 76 साल की होने जा रहीं महाजन अपनी उम्मीदवारी को लेकर निजी राय रखने से लगातार बच रही हैं। इस बारे में मीडिया के सवालों पर उन्होंने रविवार को कहा था कि उम्मीदवार की घोषणा करना भाजपा संगठन का काम है और इस सिलसिले में पार्टी सही समय पर सही निर्णय जरूर करेगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें